सोनीपत। जिले के गांव जाजी के पहलवान अंकित गुलिया रैंकिंग सीरीज में हिस्सा लेने के लिए हंगरी की राजधानी बुडापेस्ट रवाना हो गए हैं। ग्रीको-रोमन शैली में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर रहे अंकित से देश को पदक की उम्मीद है। उनकी रवानगी पर जुआ अखाड़े और खेल प्रेमियों में उत्साह का माहौल है।
अंकित पिछले कई वर्षों से जुआ अखाड़े में प्रशिक्षक संजीत के मार्गदर्शन में अभ्यास कर रहे हैं। संजीत ने कहा कि अंकित ने प्रतियोगिता के लिए कड़ी मेहनत की है और उन्हें पूरा विश्वास है कि वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी बेहतर प्रदर्शन करेंगे।
अंकित वर्ष 2024 में मिस्र के एलेक्जेंड्रिया में आयोजित इब्राहिम मुस्तफा द्वितीय रैंकिंग सीरीज में कांस्य पदक जीत चुके हैं। इससे पहले वर्ष 2019 में चीन में आयोजित अंडर-15 एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया था। किसान बहादुर सिंह के पुत्र अंकित का चयन भारतीय सेना में भी हो चुका है।
अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षक बलवंत छिक्कारा, डालमिया, रविंद्र छिक्कारा, आरएस छिक्कारा और राजेश छिक्कारा सहित अन्य खेल हस्तियों ने अंकित को शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल प्रदर्शन की कामना की।