सोनीपत। गांव भठगांव स्थित राजकीय कन्या विद्यालय की रसायन विज्ञान की शिक्षिका अंजू दहिया को रसायन विज्ञान ओलंपियाड प्रदर्शन शिविर में प्रशिक्षण प्राप्त करने का मौका मिला।
यह शिविर केंद्र सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग की ओर से 25 से 28 नवंबर तक मुंबई स्थित होमी भाभा विज्ञान शिक्षा केंद्र में लगाया गया। शिविर में आधुनिक प्रशिक्षण विधियां प्राप्त कर अंजू दहिया अब जिला के विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करेंगी। अंजू दहिया ने बताया कि रसायन विज्ञान ओलंपियाड प्रदर्शन शिविर के लिए देशभर से 40 चुनिंदा शिक्षकों का चयन किया गया था।
सितंबर में शिविर की घोषणा के बाद देशभर के शिक्षकों ने शिविर में प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए आवेदन किया था। इसके बाद उनका शिविर में भाग लेने के लिए चयन किया था।
प्रशिक्षण का उद्देश्य विद्यार्थियों को ओलंपियाड के बारे में जागरूक करना, उनके वैज्ञानिक दृष्टिकोण को बढ़ावा देना, उनके ओलंपियाड के प्रति संशय को खत्म करना है।
साथ ही शिक्षकों व छात्रों को प्रतिभाशाली छात्रों के साथ प्रतिस्पर्धा के दौर में विज्ञान व गणित की शिक्षा में समानता व उत्कृष्टता के साथ उन्हें शैक्षणिक चुनौतियों को स्वीकार करने के लिए प्रेरित करना है।
शिविर में प्रतिभागियों को प्राथमिक से स्नातक स्तर तक गणित, भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान व खगोल विज्ञान विषयों पर आधुनिक विधियों की जानकारी दी गई। शिक्षिका अंजू दहिया ने बताया कि शिविर के प्रथम दिन प्रतिभागियों के साथ कार्बनिक रसायन विज्ञान की तैयारियों पर चर्चा की गई। इसके बाद प्रयोगशाला सत्र आयोजित किया गया।
दूसरे दिन आयतन-मापी अनुमापन, अयस्क व प्रयोगशाला सत्र के बाद अनुमापन के सूक्ष्म विवरणों पर चर्चा की गई। तीसरे दिन बहुविकल्पीय प्रश्नों की तैयारी कैसे करें, उन्हें कैसे तैयार करें, विषय पर सत्र में विशेषज्ञों ने प्रतिभागी शिक्षकों का मार्गदर्शन किया। शिविर के आखिरी दिन सुझाव सत्र के पश्चात प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र प्रदान किए गए।