संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन की ओर से समाज सेवा, संगठन के प्रति समर्पण एवं लंबे समय से किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों को देखते हुए जिला प्रधान अनिल गुप्ता को प्रदेश महामंत्री नियुक्त किया है। यह नियुक्ति प्रदेश अध्यक्ष विपिन गोयल की सिफारिश पर की गई है।
अनिल गुप्ता कई वर्ष से अग्रवाल समाज के उत्थान, संगठन विस्तार एवं सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। उनकी संगठनात्मक क्षमता, समाज के प्रति समर्पण व विभिन्न सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी को देखते हुए उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।
अग्रवाल समाज के सदस्यों ने अनिल गुप्ता को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में हरियाणा में संगठन को नई मजबूती मिलेगी। समाज के अधिकाधिक लोगों को सम्मेलन से जोड़ने का कार्य तेजी से आगे बढ़ेगा।
अनिल गुप्ता ने अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के राष्ट्रीय नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है उसका वह पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे। वह संगठन को मजबूत करने, युवाओं व महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने का अभियान चलाएंगे।
यह नियुक्ति सम्मेलन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बसंत कुमार मित्तल एवं राष्ट्रीय महामंत्री गोपाल गोयल की ओर से जारी मनोनयन पत्र के माध्यम से की गई। इस दौरान अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के जिला चेयरमेन संजय सिंगला, महामंत्री अधिवक्ता अरविंद मित्तल, कोषाध्यक्ष प्रवीण गोयल, दिनेश कुच्छल, कपिल गोयल भी मौजूद रहे।