फोटो 09. बिजली निगम कार्यालय में लोगों के प्रदर्शन के बाद अधीक्षण अभियंता से फोन पर बात करते भा
सोनीपत। शादीपुर में बार-बार तार टूटने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कॉलोनी में लगातार गुल हो रही बिजली के चलते गुस्साए लोगों ने मंगलवार सुबह ओल्ड डीसी रोड स्थित अधीक्षण अभियंता कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने बिजली निगम के अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की।
उनका आरोप था कि कनिष्ठ अभियंता समस्या का समाधान करने की बजाय उल्टा जवाब देते हैं। जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शादीपुर में मंगलवार सुबह 7 बजे तार टूट गया। इससे गुस्साए लोग सुबह 8 बजे अधीक्षण अभियंता के कार्यालय पहुंच गए। कार्यालय बंद होने के कारण लोगों ने नारेबाजी करना शुरू कर दिया। सूचना मिलने के बाद भाजपा नेता राजीव जैन मौके पर पहुंचे। लोगों ने उन्हें बताया कि कई दिन से ओवरलोड होने के कारण तार टूट रहे हैं। कर्मचारी तार को जोड़कर जाते हैं, परंतु 4-5 घंटे लाइट चालू होने के बाद फिर वही समस्या खड़ी हो जाती है। उनकी मांग है कि नए तार लगाए जाएं और एक नया ट्रांसफार्मर रखा जाए, ताकि ओवरलोड की समस्या खत्म हो सके।
इसके बाद राजीव जैन ने अधीक्षण अभियंता गीतूराम तंवर से फोन पर बात की और इस समस्या का समाधान करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि तार अभी बदलवाएं और ट्रांसफार्मर का एस्टीमेट बनाकर मंजूरी दिलवाई जाए। लोगों के हंगामे के बाद कर्मचारी शादीपुर पहुंचे और तार बदलने का काम शुरू किया। तार बदले जाने के बाद लोगों को राहत मिल सकी। इस दौरान जय भगवान, दीपक, सन्नी, मनोज धानिया, काला, सुरेश, मूर्ति, रामसुखी, कमला, गुड्डी, मंजीत कौर उपस्थित रहे।
फोटो 09. बिजली निगम कार्यालय में लोगों के प्रदर्शन के बाद अधीक्षण अभियंता से फोन पर बात करते भा