फोटो :27: सोनीपत के गोहाना में पंचायत करते विभिन्न संगठनों के सदस्य व पीडि़त युवक। स्रोत पाठक
गोहाना। गांव धनाना में चोरी के शक में अनुसूचित जाति के युवक का अपहरण कर उसे अर्धनग्न कर बेरहमी से पीटने का मामला सामने आया है। वारदात करीब दो सप्ताह पहले हुई बताई जा रही है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इस पर पुलिस ने एससी एसटी एक्ट, अपहरण व अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर एक आरोपी को काबू किया है। सोमवार को अनुसूचित जाति व पिछड़ा वर्ग के संगठनों ने गोहाना के वाल्मीकि आश्रम में बैठक कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
बैठक में समाजसेवी डॉ. स्वदेश कबीर ने कहा कि आजाद भारत में अनुसूचित जाति के लोगों पर हमले हो रहे हैं। मामले में तीन दिन के अंदर आरोपियों की गिरफ्तारी की जाए और पीड़ित व उनके परिवार को सुरक्षा दी जाए। आरओ प्लांट सरपंच का है, इसकी भूमिका की भी जांच होनी चाहिए।
गांव धनाना निवासी मोनू ने पुलिस को बताया कि वह 14 फरवरी को जींद के हथवाला रोड की तरफ घूमने गए थे। उनके साथ उनका साथी जयदीप भी था। वहां पर उन्हें टिंकू, अनूप, मोनू, सचिन, सोमबीर व दो अन्य युवक मिले थे। उन्होंने उनके साथ मारपीट की और गाड़ी में अपहरण कर आरओ प्लांट पर ले गए गए। यह प्लांट सरपंच का है। वहां हथियार के बल पर उनके कपड़े उतरवाकर पीटा और जातिसूचक शब्द भी कहे। साथ ही पुलिस को बताने या मेडिकल करवाने पर मारने की धमकी दी। पूरी रात उसे पीटा गया। अगले दिन पत्नी व मां उन्हें घर ले गए। उन्होंने हिम्मत कर शनिवार को शिकायत दी। इसके बाद बरोदा थाना में पांच नामजद व दो अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ।
दो वीडियो हो रहे वायरल
युवक की पिटाई के दो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। इसमें एक वीडियो 51 सेकंड और दूसरा एक मिनट 34 सेकंड का है। एक वीडियो में दिख रहा है कि युवक को जबरन फर्श पर बिछी सीढ़ी पर उल्टा लेटाया गया है। एक युवक ने हाथ तो दूसरे ने पैर पकड़ रखे हैं। एक आरोपी बेरहमी से डंडे मार रहा है। मामला किसी चोरी की वारदात से जुड़ा बताया जा रहा है।
एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और अन्य की पहचान कर ली गई। अन्य को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। परिवार की सुरक्षा के लिए गांव में पुलिस तैनात कर दी है। घटना की दो वीडियो सामने आई हैं। पुलिस गहनता से जांच कर रही है।
ऋषिकांत, एसीपी, गोहाना
फोटो :27: सोनीपत के गोहाना में पंचायत करते विभिन्न संगठनों के सदस्य व पीडि़त युवक। स्रोत पाठक
फोटो :27: सोनीपत के गोहाना में पंचायत करते विभिन्न संगठनों के सदस्य व पीडि़त युवक। स्रोत पाठक