सोनीपत। शहर में बहु प्रतीक्षित ऑडिटोरियम का निर्माण बहालगढ़ रोड पर जाट जोशी की जमीन पर किया जाएगा। इसके लिए जैश इंडस्ट्रीज के पास पौने दो एकड़ जमीन चिह्निति की गई है। ऑडिटोरियम पर दिव्य नगर योजना के तहत के 24.82 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
मेयर राजीव जैन और आयुक्त हर्षित कुमार ने निगम अधिकारियों के साथ सेक्टर-4 स्थित स्टेडियम के साथ लगती जमीन तथा चयनित की गई जमीन का दौरा किया। बहालगढ़ रोड की जमीन फाइनल की। जल्द ही सारी औपचारिकताएं पूरी कर प्रस्ताव मुख्यालय भेजने के निर्देश दिए।
पहले ऑडिटोरियम मिनी सचिवालय के पास हैबिटेट क्लब की जमीन पर बनाया जाना था लेकिन राजस्व विभाग की जमीन की मंजूरी न मिलने से ऑडिटोरियम का निर्माण शुरू नहीं हो सका। दो वर्ष पूर्व ऑडिटोरियम बनाने का प्रस्ताव मंजूर किया गया था।
लगभग 600 दर्शकों की क्षमता का आधुनिक ऑडिटोरियम बनाया जाना था। स्थानीय निकाय विभाग ने ऑडिटोरियम बनाने की प्रासंगिकता को मंजूरी प्रदान कर दी थी। कोई सरकारी ऑडिटोरियम नहीं होने की वजह से संस्थाओं को कार्यक्रम करने के लिए इधर-उधर भटकना पड़ता था।
यह होगी सुविधा
दिव्य नगर योजना के तहत बनाए जाने वाले अत्याधुनिक ऑडिटोरियम में डिजिटल साउंड सिस्टम, डिजिटल साइनेज, सीसीटीवी, लाइट एंड साउंड सिस्टम, प्रोजेक्टर सहित सभी आधुनिक सुविधाएं होंगी। पूरा ऑडिटोरियम सेंट्रल एसी युक्त होगा। ऑडिटोरियम में सामान्य दर्शक दीर्घा सहित वीआईपी दीर्घा का भी निर्माण किया जाएगा। इससे विभिन्न सरकारी व सामाजिक कार्यक्रमों के आयोजन में नगर निगम और आमजन को सुविधा मिलेगी।
वित्त एवं अनुबंध कमेटी की बैठक में प्रस्ताव काे दी थी सहमति
शहरवासी लंबे समय से ऑडिटोरियम बनाने की मांग कर रहे हैं। नगर निगम कार्यालय में 8 अगस्त 2024 को हुई वित्त एवं अनुबंध कमेटी की बैठक में ऑडिटोरियम व पुस्तकालय निर्माण के लिए 24 करोड़ 82 लाख रुपये के प्रस्ताव को सहमति दी गई थी। ऑडिटोरियम व पुस्तकालय बनने से शहर के लाेगों और विद्यार्थियों को सुविधाएं मिलेंगी। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं को पढ़ने के लिए बेहतर माहौल मिलेगा।
आयोजकों को मिलेगी राहत, निगम का बढ़ेगा राजस्व
वर्तमान में शहर में बड़े आयोजनों के साथ सेमिनार और वर्कशॉप के लिए उचित स्थान नहीं है। इससे लोगों को परेशानी होती है। बड़े आयोजन कराने के लिए जगह तलाशनी पड़ती है। ऐसे में नगर निगम की ओर से ऑडिटोरियम बनाए जाने के बाद बड़े स्तर के कार्यक्रम बेहतर तरीके से आयोजित हो सकेंगे। आयोजकों को भी काफी राहत मिलेगी। वहीं, नगर निगम का राजस्व बढ़ने से नगर में विकास कार्यों को गति मिल सकेगी।
ऑडिटोरियम के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। जाट जोशी में नगर निगम की जमीन है जिस पर ऑडिटोरियम बनाया जाएगा। ऑडिटोरियम बनने से शहरवासियों और संस्थाओं को कार्यक्रम करने में कोई भी परेशानी नहीं होगी। -राजीव जैन, मेयर, नगर निगम।