फोटो 36- सोनीपत स्टेशन पर खड़ी ट्रेन, प्लेटफार्म पर मौजूद यात्री। संवाद
सोनीपत। त्योहारी सीजन में भी ट्रेनों का परिचालन देरी से हो रहा है। ट्रेनें अपने निर्धारित समय से यात्रा प्रारंभ करने के बावजूद सोनीपत स्टेशन पर देरी से पहुंच रही हैं। एक्सप्रेस ट्रेनों का परिचालन देरी से होने के कारण कुरुक्षेत्र-दिल्ली रूट पर आवागमन करने वाली सवारी गाड़ियों का परिचालन भी प्रभावित हो रहा है।
रविवार को सात एक्सप्रेस ट्रेनों सहित आधा दर्जनभर सवारी गाड़ियां अपने निर्धारित समय से 9 घंटे तक की देरी से सोनीपत पहुंची। दिल्ली-अंबाला रेल मार्ग पर रविवार को 12919 मालवा एक्सप्रेस 3:33 घंटे, 15707 आम्रपाली एक्सप्रेस 9:02 घंटे, 64453 सवारी गाड़ी 1:56 घंटे, 12311 नेताजी एक्सप्रेस 2:07 घंटे लेट रही।
18309 जम्मूतवी एक्सप्रेस 2:48 घंटे, 64462 सवारी गाड़ी 1:03 घंटे, 11842 गीता जयंती एक्सप्रेस 1:46 घंटे, 12920 मालवा एक्सप्रेस 2:42 घंटे, 12498 शान-ए-पंजाब 1:38 घंटे की देरी से सोनीपत स्टेशन पर पहुंची।
दैनिक यात्री नरेश कुमार, अमरजीत, प्रमोद कुमार, निखिल ने कहा कि त्योहारी सीजन होने के बावजूद ट्रेनों के परिचालन में देरी से यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचने में परेशानी झेलनी पड़ रही है। एक्सप्रेस ट्रेनों के चक्कर में सवारी गाड़ियों को छोटे स्टेशनों पर रोक लिया जाता है। अधिकारियों का इस ओर कोई ध्यान नहीं है।
उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने कहा कि दिल्ली-अंबाला रूट पर ट्रेनों के परिचालन की समय सारणी में सुधार किया जा रहा है। रेलवे यात्रियों की सुविधा के लिए प्रयासरत है।