फाेटो 25- सोनीपत स्टेशन पर ट्रेन में सवार होते यात्री। संवाद
सोनीपत। दिल्ली-अंबाला रूट पर चलने वाली ट्रेनों की लेटलतीफी जारी है। गर्मी के बीच आए दिन ट्रेनों की लेटलतीफी का खामियाजा यात्रियों को गंतव्य तक देरी से पहुंचने के कारण उठाना पड़ रहा है। लंबी दूरी की एक्सप्रेस ट्रेनों का परिचालन देरी से होने के कारण सवारी गाड़ियां भी प्रभावित हो रही हैं।
दिल्ली-अंबाला अप-डाउन रूट पर सोमवार को दर्जनभर ट्रेनें एक से लेकर करीब 4 घंटे तक की देरी से चलीं। ऐसे में कई सवारी गाड़ियां भी अपने निर्धारित समय से 30 मिनट से 3 घंटे की देरी से सोनीपत स्टेशन पहुंचीं। यात्री गर्मी के बीच रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों का इंतजार करते दिखाई दिए। सोमवार को दिल्ली से अंबाला रूट पर चलने वाली आम्रपाली एक्सप्रेस 3:51 घंटे, दादर एक्सप्रेस 3:16 घंटे, मालवा एक्सप्रेस 2:34 घंटे, झेलम एक्सप्रेस 1:02 घंटे, 64531 सवारी गाड़ी 2:48 घंटे, 64465 सवारी गाड़ी 1:11 घंटे की देरी से सोनीपत पहुंची।
वहीं अंबाला से दिल्ली रूट पर चलने वाली नई दिल्ली समर स्पेशल 2:15 घंटे, गीता जयंती एक्सप्रेस 1:41 घंटे, नई दिल्ली शताब्दी एक्सप्रेस 46 मिनट, ऊंचाहार एक्सप्रेस 44 मिनट, 64536 सवारी गाड़ी 1:02 घंटे, 64454 सवारी गाड़ी 1:31 घंटे की देरी से सोनीपत पहुंची।
दिल्ली रेल मंडल के तहत आने वाले कई स्टेशनों पर इंटरलॉकिंग संबंधी कार्य पूर्ण किए जा रहे हैं। दिल्ली-अंबाला रूट पर धीरे-धीरे ट्रेनों के परिचालन की समय सारणी में सुधार किया जा रहा है। रेलवे यात्रियों की सुविधा के लिए प्रयासरत है। -हिमांशु शेखर उपाध्याय, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, उत्तर रेलवे।