सोनीपत। चौथी बार पैरालंपिक में भाग लेने जा रहे गांव बैंयापुर के एथलीट अमित सरोहा की रवानगी अब चार दिन बाद हो सकेगी। चचेरे भाई की हादसे में मौत के बाद अब वह अपने शिष्य धर्मबीर नैन के साथ 30 अगस्त को रवाना होंगे। पेरिस में 28 अगस्त से पैरालिंपिक खेलों का शुभारंभ हो रहा है। सोनीपत के गांव खेवड़ा के खिलाड़ी सुमित आंतिल भारतीय दल के ध्वजवाहक होंगे।
पेरिस में पैरालंपिक खेलों का बुधवार से आगाज हो रहा है। इसके लिए कई भारतीय खिलाड़ी पहले ही रवाना हो चुके हैं। गांव बैंयापुर के अमित सरोहा को 26 अगस्त को रवाना होना था। इससे पहले कुरुक्षेत्र में हुए सड़क हादसे में उनके चचेरे भाई नरेंद्र सरोहा का निधन हो गया। वह हरियाणा रोडवेज में चालक थे। इसके चलते अमित सरोहा ने अपनी पेरिस पैरालंपिक में रवानगी को चार दिन के लिए टाल दिया। अमित अब 30 अगस्त को रवाना होंगे। उनके शिष्य गांव भदाना के क्लब थ्रोअर धर्मबीर नैन को पहले ही 30 अगस्त को रवाना होना था। अब अमित उनके साथ ही जाएंगे।
साई से पैरा तीरंदाज पहले जा चुके पेरिस
सोनीपत साई सेंटर से तीरंदाज पूजा, सरिता व हरविंद्र सिंह, शीतल देवी, राकेश व श्यामसुंदर पहले ही पेरिस रवाना हो चुके हैं।