सोनीपत। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करने वाले सोनीपत के अर्जुन अवॉर्डी पैरा एथलीट अमित सरोहा और विश्व चैंपियन निशानेबाज अंकुर मित्तल अब प्रशासनिक सेवा में भी जिम्मेदारी संभालेंगे। हरियाणा सरकार ने दोनों को एचसीएस (कार्यकारी शाखा) के पद पर नियुक्त किया है। प्रदेश में पहली बार उत्कृष्ट खिलाड़ियों को एचसीएस पद पर नियुक्ति दी गई है। सरकार ने छह खिलाड़ियों को एचसीएस और एक को एचपीएस पद दिया है।
इन खिलाड़ियों ने हरियाणा उत्कृष्ट खिलाड़ियों की भर्ती एवं सेवा शर्त नियम, 2018 के तहत नियुक्ति के लिए पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट का रुख किया था। नियुक्ति पत्र के अनुसार नियुक्तियां 18 अप्रैल 2022 के हाईकोर्ट और 29 मई 2026 के सुप्रीम कोर्ट के आदेशों की अनुपालना में की गई हैं। मानव संसाधन विभाग ने नियमों के तहत मामलों पर विचार के बाद नियुक्ति का निर्णय लिया।
चार पैरालंपिक में देश का प्रतिनिधित्व
गांव बैंयापुर निवासी अमित सरोहा चार पैरालंपिक खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। उन्होंने 2012, 2016, 2020 और 2024 के पैरालंपिक में हिस्सा लिया। एशियन पैरा गेम्स में स्वर्ण पदक और विश्व चैंपियनशिप में दो पदक समेत उनके नाम कई अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियां हैं।
डबल ट्रैप में रहे विश्व चैंपियन
गांव भटगांव निवासी अंकुर मित्तल ने 2011 में इटली में हुए जूनियर विश्व कप की डबल ट्रैप स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता था। 2018 में दक्षिण कोरिया के चांगवोन में आयोजित आईएसएसएफ विश्व चैंपियनशिप में उन्होंने डबल ट्रैप का स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उन्होंने 150 में से 140 अंक हासिल किए और शूटऑफ में 4-3 से जीत दर्ज की थी। 2017 विश्व चैंपियनशिप में उन्होंने रजत पदक जीता। कॉमनवेल्थ चैंपियनशिप में स्वर्ण और 2018 राष्ट्रमंडल खेलों में कांस्य पदक भी उनके नाम है। वह दुनिया के नंबर-1 डबल ट्रैप निशानेबाज रह चुके हैं।
छह खिलाड़ियों को एचसीएस, एक को एचपीएस
सरकार के नियुक्ति पत्र के अनुसार अमित सरोहा और अंकुर मित्तल के अलावा अभिषेक वर्मा, पैरा आर्चर हरविंदर सिंह, पैरा बैडमिंटन खिलाड़ी तरुण ढिल्लों और पैरा एथलीट एकता भ्याण को एचसीएस नियुक्त किया गया है। 2018 एशियन खेलों के स्वर्ण पदक विजेता एथलीट मनजीत सिंह को एचपीएस पद दिया गया है।
फोटो : अमित सरोहा