फोटो 14: सोनीपत के गांव गढ़ी कलां में नालियों के निर्माण के लिए बिना सिमेंट लगाए रखी गई ईंट। स्र
गन्नौर। गांव गढ़ी कलां में चल रहे गलियों-नालियों के निर्माण कार्य में निम्न स्तर की सामग्री लगाने का आरोप लगाकर ग्रामीणों ने विरोध किया। उन्होंने प्रशासन से निर्माण कार्य की जांच करवाने की मांग की।
ग्रामीण सलीम, अदरीश, पूर्व सरपंच कुमत का कहना है कि गांव में पंचायत विभाग की ओर से गलियों व नालियों का निर्माण करवाया जा रहा है। ठेकेदार नाली निर्माण के लिए ईंट की तीन परत बिना सीमेंट की रख कर उस पर घटिया सामग्री का इस्तेमाल कर रहा है।
वहीं, गलियों के निर्माण में भी खामियां बरती जा रही हैं। ग्रामीणों ने बताया कि ठेकेदार को निर्माण कार्य में कोताही न बरतने को कई बार कहा गया लेकिन वह अपनी मनमर्जी से काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि यदि इसी तरह काम चलता रहा तो गलियां व नालियां जल्द टूट जाएंगी। सरकारी पैसे का दुरुपयोग होगा।
उन्होंने प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि ठेकेदार के काम को रुकवा कर जांच करवाई जाए। दोषी मिलने पर ठेकेदार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। यदि प्रशासन ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की तो वह खुद ठेकेदार का काम रुकवा देंगे। इसकी शिकायत सीएम विंडो पर करेंगे। वहीं, एसडीएम ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में नही है।