सोनीपत। जिमखाना क्लब में टेंडर देने के नाम पर धोखाधड़ी किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि ठेकेदारों व अधिकारियों ने हरियाणा मैन पावर सर्विसेज के नाम का दुरुपयोग करते हुए टेंडर ले लिया। फर्म के पास 37 लाख की रिकवरी का नोटिस आया तो मामले का पता लगा। जिस पर पुलिस को शिकायत देकर मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच करेगी।
हिसार की महाबीर कॉलोनी स्थित हरियाणा मैन पावर सर्विसेज के रतन सिंह ने पुलिस को बताया कि उनकी फर्म प्रदेश सरकार की तरफ से पंजीकृत पार्टनरशिप फर्म है। वह हरियाणा के विभिन्न सरकारी व गैर-सरकारी विभागों में 17 साल से सेवाएं दे रहे हैं। जिमखाना क्लब सोनीपत की तरफ से 2 अगस्त, 2016 में तीन वर्ष के लिए कैटरिंग सेवाएं, रेस्टोरेंट, पार्टी हॉल एरिया बार और लॉन के लिए टेंडर आमंत्रित किए गए थे। यह 6 अगस्त 2016 को शाम तीन बजे तक जमा करवाने थे। उनकी फर्म ने टेंडर नहीं लगाया। उनका आरोप है कि जिमखाना क्लब के मैनेजर व अन्य अधिकारियों व कर्मचारी की मिलीभगत से फर्जी ठेकेदार द्वारा उनकी फर्म हरियाणा मैन पावर सर्विसेज के नाम का दुरुपयोग कर और फर्जी दस्तावेज तैयार कर टेकनिकल व फाईनेंसियल बिड जमा करवाई गई। कागजात पर फर्जी हस्ताक्षर कर जिमखाना कार्यालय में जमा करवाए गए थे। उनकी एजेंसी टेंडर की टेक्निकल बिड की शर्तें भी पूरी नहीं करती थी लेकिन आरोपियों ने मिलीभगत कर गुरुग्राम की कंपनी के फर्जी अनुभव प्रमाण पत्र तैयार कर के लगा दिए।
उन्होंने बताया कि टेंडर के लिए ईएमडी व सिक्योरिटी और किराया अन्य फर्जी खाते से तैयार करवा कर राशि जमा करवाई गई। मामले का तब पता चला जब उसे जिमखाना क्लब सोनीपत द्वारा कारण बताओ नोटिस प्राप्त हुआ। नोटिस का उसने जवाब दिया। उसके द्वारा रिकॉर्ड का अवलोकन करने पर टेंडर कागजात में दो फोन नंबर दर्ज पाए गए थे। उसे पता लगा कि 2 अक्तूबर 2016 से एक अक्तूबर 2019 तक कार्य हमारी फर्म के नाम से करते रहे। यह भी पता चला कि जिमखाना क्लब में फीस, रेंट व अन्य देनदारियां कुल 23 लाख 24 हजार 250 रुपये की जमा करवाई जानी थी, लेकिन आरोपियों द्वारा 15 लाख 999 रुपये जमा करवाए गए। 11 लाख 28 हजार 281 रुपये की देनदारी है। जिमखाना क्लब के पत्र में 37 लाख रुपये की राशि उसे जिमखाना क्लब में जमा करवाने के लिए कहा गया। उसने मामले में उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
वर्जन
मामले को लेकर शिकायत मिली थी। जिस पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले से जुड़े सभी कागजात जुटाकर ठोस कार्रवाई की जाएगी।
- इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार, थाना प्रभारी सेक्टर-27 सोनीपत