सोनीपत। राई विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक पंजीयन अधिकारी एवं जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी (डीडीपीओ) मनीष मलिक की अध्यक्षता में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग की ओर से शुरू किया गया विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान लोकतंत्र को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को पूर्णतः शुद्ध, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित बनाना है ताकि कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे।
डीडीपीओ ने कहा कि मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है और इसकी शुद्धता सुनिश्चित करना निर्वाचन विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसके लिए सभी बीएलओ एवं बीएलए आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और अपने-अपने क्षेत्रों में मतदाताओं का सत्यापन पूरी गंभीरता एवं पारदर्शिता के साथ करें।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नए पात्र मतदाताओं के नाम सूची में जोड़ने, मृत अथवा स्थायी रूप से स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने तथा मतदाता सूची में आवश्यक संशोधन की प्रक्रिया को निर्धारित समयावधि के भीतर पूरा किया जाए।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक बीएलओ यह सुनिश्चित करें कि उसके बूथ क्षेत्र में कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से बाहर न रहे। इस दौरान बीडीपीओ राजेश टिवाना, बीईओ राई ऊषा, निर्वाचन कानूनगो पूजा उपस्थित रहे।