गन्नौर। सामाजिक समरसता व परंपरागत मूल्यों की रक्षा के उद्देश्य से सर्वजातीय सर्वखाप पंचायत महासम्मेलन 28 सितंबर को रेलवे रोड स्थित निजी गार्डन में होगा। महासम्मेलन में क्षेत्र की सभी संस्थाएं, सरपंच एसोसिएशन, सामाजिक संगठन व प्रदेश की सभी खाप पंचायतें बुलाई गई हैं।
लव वंशीय लौर खत्री खाप के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सम्मेलन के व्यवस्थापक सुरेंद्र खत्री ने बताया कि महासम्मेलन में सभी खाप पंचायतों के सहयोग से समाज में फैल रही सामाजिक कुरीतियों पर गहन चर्चा कर उनके समाधान निकालने पर विचार किया जाएगा।
लिव-इन रिलेशन जैसी कुरीतियों का विरोध, सगोत्र गांव व गृह गांव में शादियां न करने पर जोर दिया जाएगा। माता-पिता की सहमति के बिना विवाह, अगर मां- बाप नहीं है तो चाचा, ताऊ, मामा, फूफा की सहमति के बिना कोर्ट मैरिज व साधारण शादी को मान्यता नहीं देने, समलैंगिक विवाह जैसी कुरीतियों पर रोक, समाज को नशा मुक्त करने के लिए ठोस निर्णय लिए जाएंगे।
सुरेंद्र खत्री ने बताया कि महासम्मेलन समाज की एकता, परंपराओं की मजबूती व युवाओं को सही दिशा देने के लिए ऐतिहासिक साबित होगा। बैठक में भानेराम, सतीश जैन, पूर्व सरपंच धर्मसिंह, राजेश गर्ग, दिनेश अधलखा, मास्टर श्रीपाल, रमेश मान, धीर सिंह, प्रमोद पांची मौजूद रहे।