सोनीपत। कृषि विभाग की टीम ने बीज विक्रेताओं की दुकानों पर छापा डालकर खाद व कीटनाशक दवा के सैंपल लिए हैं। विभाग की टीम ने 22 सैंपलों को जांच के लिए लैब में भेज दिया गया है। लैब से रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी। कम गुणवत्ता मिलने पर विक्रेता का लाइसेंस भी रद्द किया जा सकता है।
रबी सीजन की फसल गेहूं व सरसों में किसान सिंचाई कर रहे हैं। जिसके बाद खाद का छिड़काव किया जाता है। ऐसे में खाद और कीटनाशक की मांग बढ़ गई है। मांग बढ़ने से कई बार विक्रेता किसानों को कम गुणवत्ता का खाद या दवा देकर मुनाफा कमाने के ताक में रहते हैं। किसानों को बेहतर गुणवत्ता के खाद, बीज व दवा प्राप्त हों इसके लिए कृषि विभाग ने छापा डालने का अभियान चलाया है। जिला कृषि उपनिदेशक डॉ. पवन शर्मा ने बताया कि किसानों को बेहतर गुणवत्ता के बीज, खाद व दवा उपलब्ध कराने को लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए दुकानों पर छापा डालकर 22 सैंपल लिए गए है। कम गुणवत्ता मिली तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।