फोटो :: सोनीपत में खाद-बीज की दुकानों पर जांच करते संयुक्त निदेशक डॉ.अनिल सहरावत व उनकी टीम। सं
सोनीपत। खरीफ सीजन में कृषि सामग्री की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए कृषि विभाग ने जांच अभियान शुरू किया है। संयुक्त निदेशक डॉ. अनिल सहरावत के नेतृत्व में विभागीय टीम ने शुक्रवार को बीज मार्केट समेत विभिन्न दुकानों और प्रतिष्ठानों की जांच की।
टीम ने खाद, बीज और कीटनाशक दवाइयों के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं। रिपोर्ट आने के बाद नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। अभियान के तहत विभाग ने फैक्टरियों, डीलरों के गोदामों और खुदरा दुकानों की जांच की।
कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि दो दिनों में खाद के नौ, बीज के दो और कीटनाशक के आठ नमूने लिए गए हैं। इसके अलावा विक्रेताओं के स्टॉक और रिकॉर्ड की भी जांच की गई। गुणवत्ता में कमी मिलने पर संबंधित विक्रेताओं के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
संयुक्त निदेशक डॉ. अनिल सहरावत ने विक्रेताओं को खाद के साथ किसी भी तरह की टैगिंग नहीं करने, निर्धारित दरों पर बिक्री करने और पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने किसानों से कृषि सामग्री खरीदते समय पक्का बिल लेने की अपील की। खरीफ सीजन में जिले में करीब 49 हजार मीट्रिक टन यूरिया की खपत होती है।