शहर की पुरानी अनाज मंडी में नई अनाज मंडी के दुकानदारों ने दो दुकानों पर ताला जड़ धरना शुरू कर दिया। आरोप है कि गंगाराम सुरेश कुमार और सहयोगी हरियाणा ट्रेडिंग कंपनी ने आढ़तियों द्वारा स्टाक कराए धान के पैसे देने से मना कर दिया है। आढ़तियों का कहना है कि जब तक उनके पैसे नहीं मिलते वह उनकी दुकानों को बंद कर धरना देते रहेंगे। इतना ही नहीं आढ़तियों ने कंपनी के मालिक की दुकान पर भी ताला जड़ने की चेतावनी दी है।
फूड ग्रेन डीलर एसोसिएशन के प्रधान डॉ. प्रदीप कुमार ने बताया कि नई अनाज मंडी के आढ़तियों ने गंगाराम सुरेश कुमार और उनकी सहयोगी हरियाणा ट्रेडिंग कंपनी सिरसा को इस सीजन में करोड़ों रुपये के धान का स्टाक लगाया था। इस सारे धान का दोनों ने स्टाक बेचकर और करोड़ों रुपये सिरसा ट्रांसफर करके आढ़तियों को पैसे देने से मना कर दिया। इसके विरोध में आढ़तियों ने पुरानी अनाज मंडी दोनों दुकानों पर ताला जड़ धरना शुरू कर दिया है। जब तक भुगतान नहीं होगा तब तक नई अनाज मंडी में काम बंद रहेगा। इतना ही हीं हरियाणा ट्रेडिंग कंपनी के मालिक गौरव की दुकान के आगे भी धरना दिया जाएगा। धरने पर बैठे आढ़तियों की सुरक्षा के लिए थाना शहर प्रभारी को अपील कर दी है। इस मौके पर टेकराम बुसाना, सुनील, रणबीर सैनी, मुरारी लाल, रामधारी गुप्ता, राव राजेश, नंदन, दिलबाग, बलवान, विनोद, रामलाल और अनिल आदि उपस्थित थे।