सोनीपत। गर्मी के मौसम में इस बार शहरवासियों को पेयजल किल्लत का सामना नहीं करना पड़ेगा। रेलवे लाइनपार (पश्चिमी) क्षेत्र में रहने वाले करीब डेढ़ लाख लोगों को नहरी पानी उपलब्ध कराया जाएगा। कोर्ट से याचिका खारिज होने के बाद नगर निगम ने पेयजल लाइन दबाने का काम तेज कर दिया है। पश्चिमी यमुना नहर से डब्ल्यूटीपी तक पानी पहुंचने के लिए ककरोई रोड के साथ चार किलोमीटर लंबी पाइप लाइन डाली जा रही है। 25 करोड़ रुपये से निर्मित जल शोधन प्लांट (डब्ल्यूटीपी) चालू होने से लोगों को काफी फायदा होगा। इस कार्य को 15 अप्रैल तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
ककरोई रोड पर निर्मित डब्ल्यूटीपी चालू होने के बाद 15 मिलियन लीटर रोजाना (एमएलडी) पानी मिल सकेगा। इससे नगर निगम पानी को लेकर आत्मनिर्भर हो जाएगा। ककरोई रोड पर सेक्टर-23 और आसपास की 15 कॉलोनियों में पेयजल आपूर्ति के लिए करीब पांच वर्ष पूर्व जल शोधन संयंत्र मंजूर किया था। इसके बाद ढाई साल पहले प्लांट बनाकर तैयार कर लिया गया, लेकिन सिंचाई विभाग से मंजूरी मिलने में दो साल का समय निकल गया।
नगर निगम ने अगले पांच दशक तक पानी की मांग के अनुसार सिंचाई विभाग के अधिकारियों से 13 क्यूसेक पानी देने की मांग की थी। सिंचाई विभाग ने पानी देने से मना कर दिया था। इस पर नगर निगम ने मामला शहरी निकाय विभाग मुख्यालय को भेजा था। जहां से दोनों विभागों के अधिकारियों की मौजूदगी में तय हुआ था कि ककरोई झाल से पानी दिया जाएगा। इसके लिए नगर निगम की तरफ से सिंचाई विभाग को 7.50 लाख रुपये भी जमा कराए थे।
इंसेट
एक साल पहले शुरू किया था लाइन दबाने का काम
नगर निगम ने एक साल पहले ही पेयजल लाइन दबाने का काम शुरू किया था। ककरोई रोड के साथ बिछाई जा रही पेयजल लाइन को लेकर गांव ककरोई के किसानों ने विरोध किया था। उनका कहना था कि पेयजल लाइन बिछाए जाने से खेतों में जाने का रास्ता बंद हो जाएगा। किसानों ने यह कार्य नौ माह तक बंद करवाए रखा और कोर्ट में याचिका डाल दी थी। इस बीच नगर निगम ने महलाना रोड से डब्ल्यूटीपी तक 35 लाख रुपये से पानी की लाइन दबा दी। वहीं कोर्ट ने याचिका खारिज करते हुए निगम को खेतों के लिए रास्ता देने के आदेश दिए। इसके बाद ही नगर निगम ने ककरोई रोड पर अधूरे पड़े पेयजल लाइन दबाने के कार्य की शुरुआत की। अब तक 3.5 किलोमीटर तक पानी की लाइन दबाई जा चुकी है। 1500 मीटर लाइन दबाने का काम बचा हुआ है।
इन कॉलोनियों के लोगों को होगा फायदा
डब्ल्यूटीपी चालू होने पर डेढ़ लाख से ज्यादा लोगों को फायदा होगा। दहिया कॉलोनी, मायापुरी, कीर्ति नगर, सरस्वती विहार, देवीलाल कॉलोनी, गढ़ी ब्राह्माणान, विशाल नगर, वेस्ट राम नगर, भगत सिंह कॉलोनी, कालूपुर, बाबा कॉलोनी, मोहन नगर, लहराड़ा, आर्य, इंडियन कॉलोनी, मयूर विहार समेत कई कॉलोनियों को फायदा हो सकेगा।
वर्जन
ककरोई रोड के साथ पेयजल लाइन दबाने का काम जारी है। 1500 मीटर लाइन दबाने का काम बचा हुआ है। लाइन दबाने के बाद ककरोई स्थित पश्चिमी यमुना नहर से शहर के पश्चिमी क्षेत्र में पानी की आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी।- नरेंद्र कुमार, सहायक अभियंता, नगर निगम