सोनीपत। गांव महमूदपुर माजरा में माता-पिता की मौत होने के बाद नाबालिग का फायदा उठाकर एक ग्रामीण ने चार एकड़ जमीन बेच दी है। यह मामला करीब दो साल पहले का बताया जा रहा है। जमीन के पैसे हड़पने के लिए वर्ष 2024 में युवक को रोजगार कराने के लिए दुबई व अजरबैजान में 10-10 दिन तक रखा गया।
उसे डंकी के रास्ते विदेश में भेजने की तैयारी थी, वहां पर दोनों देशों में उसे घुमाने के बाद उसे गांव में लाया गया। अब युवक को चार एकड़ जमीन के पैसे के लिए आरोपी बरगला रहे हैं और युवक जमीन के पैसे लेने के लिए अधिकारियों के पास दर-दर भटक रहा है।
गांव महमूदपुर माजरा निवासी 19 वर्षीय तेजबीर ने बताया कि वह 8वीं कक्षा तक पढ़े-लिखे हैं। बचपन में उनके पिता रणधीर की बीमारी के चलते मौत हो गई थी। उसके बाद वर्ष 2014 में माता पूनम भी बीमार होने के चलते चल बसी थी। उसके बाद तेजबीर अपने चाचा के पास रहने लगे थे। वहां पर गांव के एक व्यक्ति ने उसे बरगलाकर अपने पास रखना शुरू कर दिया।
उन्हें नशे की दवा देनी शुरू कर दी थी। व्यक्ति उन्हें कहने लगा कि उनकी मां के नाम जमीन (उनके) नाबालिग के नाम करानी है। इस दौरान व्यक्ति ने वर्ष 2023 में गन्रौर तहसील में ले जाकर उन्हें कागज पर हस्ताक्षर करवाकर अपने दोस्त के नाम करवा दी। बदले में उन्होंने 1.13 करोड़ रुपये हड़प लिये। जबकि उस जमीन की कीमत करीब चार करोड़ रुपये है।
अब जब उन्हें धोखाधड़ी का पता चला तो आरोपियों ने पैसे लौटाने का आश्वासन दिया। इसके बाद आरोपी उन्हें विदेश में घुमाने के लिए 10-10 दिन तक दुबई व अजरबैजान ले गया। अब आरोपी की प्लानिंग उन्हें डंकी के रास्ते विदेश ले जाने की थी। अब तेजबीर को मामला संज्ञान में आया तो आरोपियों से जमीन के पैसे मांगने लगा तो उसे जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।
इस संबंध में पुलिस आयुक्त ममता सिंह का कहना है कि शिकायतकर्ता ने डंकी रूट से विदेश जाने के लिए चार एकड़ जमीन बेची। पैसे के लेनदेन के संबंध में जांच की जा रही है।