सोनीपत। बिट्स शिक्षण संस्थान मोहाना में बनाए गए मतगणना केंद्र पर मंगलवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतगणना पूरी की गई। केंद्र पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए थे। हर एजेंट व अन्य समर्थकों से लेकर मतगणना ड्यूटी में लगे कर्मियों को कड़ी जांच के बाद अंदर जाने दिया गया। वहीं, मोबाइल व अन्य सामान अंदर ले जाने पर पाबंदी के चलते भी एजेंट व अन्य को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।मतगणना शुरू होने से पहले ही पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था कर दी थी। पुलिस के जवान चप्पे-चप्पे पर तैनात थे। इस दौरान मोबाइल व कागज-पेन तक लेकर किसी को अंदर नहीं जाने दिया गया।
मोबाइल लेकर पहुंचे कर्मियों और एजेंट को काफी दिक्कत हुई। बिट्स शिक्षण संस्थान में मतगणना केंद्र अलग-अलग छह स्थानों पर बनाए गए थे। मतगणना केंद्र तक पहुंचने के लिए सड़क पर दोनों तरफ बल्लियां और रस्सी लगाकर चौकस प्रबंध किए गए थे। उनके अंदर से गुजरकर ही मतगणना केंद्र तक जाया जा सकता था। उसमें भी जगह- जगह पुलिस ने मेटल डिटेक्टर और जवानों को खड़ा कर रखा था।
ईवीएम लाने और ले जाने के लिए लगी थी ड्यूटी
मतगणना स्थल के पास इलेक्ट्रोनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) को कड़ी सुरक्षा में रखा गया था। वहां से मतगणना केंद्र में बैठे कर्मियों तक ईवीएम लेकर जाने और गिनती के बाद उन्हें वापस सुरक्षित रखने के लिए अलग से कर्मियों की ड्यूटी लगाई थी। ऐसे में टेबल अनुसार ड्यूटी में लगे कर्मी ईवीएम को लेकर आते थे और मतगणना के बाद उसे वापस लेकर जाते थे।
पुलिस आयुक्त व डीसी केंद्रों का करते रहे निरीक्षण
मतगणना के दौरान पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार, उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. मनोज कुमार व अन्य अधिकारियों ने मतगणना केंद्रों का निरीक्षण किया और अधिकारियों व कर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने सुरक्षा के प्रबंधों का बारीकी से जायजा भी लिया।