फोटो 10: सोनीपत के खरखौदा स्थित ब्राह्मण दरवाजे वाली गली में बगैर इंटरलॉकिंग टाइल बिछाए छोड़ी गई
खरखौदा। शहर में जन स्वास्थ्य विभाग की ओर से अमृत-2 योजना के तहत पेयजललाइन बिछाने का कार्य जारी है। ठेकेदार की लापरवाही के चलते पेयजललाइन बिछाने के बाद गलियों में उखाड़ी गई इंटरलॉकिंग टाइलों को दोबारा नहीं बिछाया जा रहा है। इसके चलते स्थानीय लोगों के साथ ही राहगीरों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है।
मुख्य गलियों से लेकर संपर्क गलियों तक यह समस्या आम हो गई है। वाहन चालकों और पैदल चलने वालों को इन उखाड़ी गई सड़कों से गुजरते समय परेशानी हो रही है। खासकर छोटे बच्चों और बुजुर्गों को चोट लगने का खतरा बना रहता है। शहर के विभिन्न इलाकों में बिछाई जा रही पेयजललाइन जनसुविधा के लिए अहम है, लेकिन ठेकेदार की ओर से अधूरी जिम्मेदारी निभाने के कारण लोग परेशान हो रहे हैं। गलियों की मरम्मत न होने से धूल उड़ रही है, जिससे स्थानीय निवासियों को स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतें हो रही हैं।
अनिल, रामसिंह, मोनू, रमेश, विपिन, सन्नी, साहिल, ओमदत्त, विनोद व विशाल का कहना है कि ब्राह्मण मोहल्ले में करीब 15 दिन पहले गलियों को उखाड़कर पेयजल लाइन बिछाई गई थी। अभी तक इंटरलॉकिंग टाइल बिछाई नहीं गई हैं, जिससे उन्हें परेशानी हो रही है। ऐसे में जन स्वास्थ्य विभाग को जल्द इस समस्या का समाधान करना चाहिए। जिससे लोगों को राहत मिल सके और शहर की गलियों की स्थिति सामान्य हो सके।