सोनीपत। गांव जठेड़ी के पास अधिवक्ता व प्रॉपर्टी डीलर के कार्यालय में घुसकर दो हमलावरों ने गोली चला दी। हमलावरों ने गोली चलाई तो अधिवक्ता एक तरफ झुक गए, जिससे गोली दीवार में लगी। आरोपियों ने दोबारा कोशिश की तो गोली पिस्तौल में फंस गई। गोली चलाने की वजह जमीन की रंजिश बताई जा रही है। अधिवक्ता को पहले पुलिस सुरक्षा मिली थी, लेकिन उसे हटा लिया गया है।
मूलरूप से गांव रिढाऊ हाल टूलिप ग्राम सोसाइटी निवासी अधिवक्ता विजेंद्र सिंह ने थाना राई पुलिस को बताया कि उनका जठेडी के पास कार्यालय है। इसमें वह वकालत के साथ प्रॉपर्टी डीलिंग करते हैं। सोमवार शाम को वह अपने दोस्त प्रदीप के साथ कार्यालय में आए थे। प्रदीप कार्यालय के पीछे मैदान में जाकर बैठ गए। आरोप है कि इस बीच कार्यालय में दो युवक आए। उनमें गांव रिढाऊ का सचिन शामिल था। सचिन ने आकर कहा कि हमें रिढाऊ के बंटू उर्फ इंद्रजीत और चींटू उर्फ चंद्रजीत ने पेट्रोल पंप के विवाद की वजह से भेजा है। इतना कहते ही सचिन ने अपनी जेब से पिस्तौल निकालकर गोली चला दी। वह कुर्सी पर एक तरफ झुक गए, जिससे गोली दीवार में लगी। आरोपी ने दोबारा गोली चलाने की नीयत से पिस्तौल लोड की तो पिस्तौल में गोली अटक गई। वह धमकी देकर भाग गए।
मिली थी पुलिस की सुरक्षा, अब हटाई
अधिवक्ता ने बताया कि चींटू और बंटू के खिलाफ पहले भी मुकदमा दर्ज करा रखा है। वह अदालत में विचाराधीन है। पहले भी धमकियां मिल रही थीं। इस वजह से पुलिस सुरक्षा मिली थी। दो साल पहले बिना किसी कारण पुलिस ने सुरक्षा हटा ली थी। उनका आरोप है कि पिता ने जमीन खरीदी थी। जिस पर पेट्रोल पंप भी है। परिवार के युवक धोखाधड़ी से जमीन के हिस्से पर हक जमाने का प्रयास कर रहे हैं।