बहादुरगढ़। भापड़ौदा स्थित आईटीआई में एनसीवीटी स्कीम के तहत संचालित ट्रेडों में दाखिले के लिए एक बार फिर अवसर दिया गया है। आईटीआई विभाग ने खाली सीटों पर दाखिले की प्रक्रिया दोबारा शुरू की है। इच्छुक अभ्यर्थी 22 सितंबर तक संस्थान में पहुंचकर दाखिला ले सकते हैं।
आईटीआई के प्रधानाचार्य कृष्ण कुमार ने बताया कि इस सत्र में एनसीवीटी स्कीम के अंतर्गत आने वाली ट्रेडों में करीब 70 प्रतिशत सीटें भर चुकी हैं। अब शेष रिक्त सीटों पर दाखिले किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि संस्थान में उपलब्ध रिक्त सीटों की जानकारी एडमिशन पोर्टल पर ट्रेड और संस्थानवार देखी जा सकती है। उन्होंने बताया कि जो विद्यार्थी किसी कारणवश पहले दाखिला नहीं ले पाए थे, उनके लिए यह अंतिम अवसर है। पोर्टल पर दाखिले की प्रक्रिया, ट्रेडों और संस्थानों में उपलब्ध सीटों की जानकारी भी उपलब्ध है। प्रधानाचार्य ने विद्यार्थियों से निर्धारित अंतिम तिथि से पहले दाखिला प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है।