खरखौदा। मटिंडू मार्ग स्थित औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में सात जून से दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू होगी, जो 21 जून तक चलेगी। आवेदन प्रक्रिया में विद्यार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी ना हो, इसके लिए संस्थान में हेल्प डेस्क स्थापित करने के साथ ही कंप्यूटर लैब में स्टाफ की नियुक्ति की है।
मटिंडू मार्ग स्थित आईटीआई में 18 ट्रेड्स की 37 यूनिट हैं। इन ट्रेड्स में कंप्यूटर ऑपरेटर एंड प्रोग्रामिंग असिस्टेंट से लेकर ड्रेस मेकिंग, प्लंबर, इलेक्ट्रिशियन सहित अन्य ट्रेड्स की 600 सीटें हैं। सभी सीटों के लिए ऑनलाइन आवेदन मांगे गए हैं। विद्यार्थियों को दाखिले के लिए सभी जरूरी दस्तावेज भी ऑनलाइन ही अपलोड करने होंगे। छात्राओं को प्रोत्साहित करने के लिए दाखिला फीस के साथ ट्यूशन फीस में भी छूट दी गई है। यही नहीं उन्हें बस पास फ्री में मुहैया करवाए जाएंगे। इसके साथ ही टूल किट के रूप में एक हजार रुपये की राशि भी मिलेगी।
43 ट्रेड में 1218 सीट पर दाखिले के लिए चलेगी आवेदन प्रक्रिया
गोहाना। आईटीआई में दाखिला के लिए शुक्रवार से आवेदन प्रक्रिया शुरू होगी। यह प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन रहेगी। विद्यार्थी को अपनी ई-मेल आईडी, आय प्रमाण पत्र, मोबाइल नंबर, परिवार पहचान पत्र, रिहायशी प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र और आधार कार्ड लाना होगा। गोहाना उपमंडल की चार आईटीआई में 43 ट्रेड्स में 1218 सीटें हैं। आईटीआई के प्रधानाचार्य अजय खोखर ने बताया कि दाखिला लेने के इच्छुक विद्यार्थियों तक जानकारी पहुंचाने के लिए शिक्षकों की ड्यूटी भी लगाई है।
वर्जन
आवेदकों की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क पर परामर्श देने के साथ ही उनके आवेदन भी भरे जा रहे हैं। विद्यार्थी अपनी रूचि अनुसार ट्रेड का चयन कर आवेदन कर सकते हैं।
संदीप अहलावत, प्राचार्य, आईटीआई, खरखौदा