गोहाना। गांव खानपुर कलां स्थित भगत फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय में प्रवेश प्रक्रिया 4 जून से शुरू होकर 23 जून तक चलेगी।
कुलपति प्रो. सुदेश ने सोमवार को कुलसचिव प्रो. शिवालिक यादव व स्टाफ सदस्यों के साथ विश्वविद्यालय के प्रवेश विवरणिका 2025-2026 को लॉन्च किया।
कुलपति ने बताया कि विश्वविद्यालय में संचालित सभी स्नातक व स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में नई शिक्षा नीति 2020 के तहत प्रवेश किए जाएंगे। जिन पाठ्यक्रमों में नई शिक्षा नीति लागू होती है, उनमें शत-प्रतिशत नीति को लागू कर दिया गया है। महिला विवि शिक्षा के साथ संस्कार के लिए भी जाना जाता है।
ग्रामीण अंचल में स्थापित यह विश्वविद्यालय छात्राओं के लिए पाठ्यक्रम शिक्षा व कौशल शिक्षा का समावेश है।
विवि के अकादमिक डीन प्रो. संकेत विज ने बताया कि स्नातकोत्तर में अंग्रेजी, सामाजिक कार्य, अर्थशास्त्र, इतिहास एवं पुरातत्व, राजनीति विज्ञान, संस्कृत, हिंदी, मनोविज्ञान, एमबीए, एमकॉम, होटल प्रबंधन, गणित, रसायन विज्ञान, भौतिक विज्ञान, भूगोल, खाद्य एवं पोषण, पर्यावरण विज्ञान, शारीरिक शिक्षा, एमएड, एलएलएम, एमटेक कंप्यूटर विज्ञान, इलेक्ट्रॉनिक्स संचार इंजीनियरिंग, फैशन प्रौद्योगिकी, नेटवर्क सुरक्षा, सूचना एवं संचार तकनीक में दाखिले ले सकते हैं।
वहीं स्नातक के लिए नई शिक्षा नीति आधारित कोर्स बीए ऑनर्स, अंग्रेजी व अर्थशास्त्र में अनुसंधान के साथ ऑनर्स, बीकॉम, बीबीए, होटल प्रबंधन शामिल है।
बीए ऑनर्स एवं मल्टी डिसिप्लिनरी, भौतिक विज्ञान, गृह विज्ञान, शारीरिक शिक्षा एवं खेल, जीव विज्ञान, बीए एलएलबी, बीबीए एलएलबी, बी फार्मेसी, बीएड, बीवॉक मोबाइल संचार, बीवॉक फैशन टेक्नोलॉजी एवं परिधान डिजाइनिंग, बीटेक कंप्यूटर विज्ञान, सूचना प्रौद्योगिकी, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं संचार इंजीनियरिंग, फैशन प्रौद्योगिकी में छात्राएं प्रवेश ले सकती हैं।
इनके अलावा स्नातकोत्तर डिप्लोमा और डिप्लोमा पाठ्यक्रम में विदेशी भाषा एवं सहकारी प्रबंधन विभाग के लिए भी छात्राएं प्रवेश ले सकती हैं।
विवि के क्षेत्रीय केंद्र खरल व कृष्णा नगर, रेवाड़ी में भी दाखिले के लिए प्रवेश प्रक्रिया 4 जून से 23 जून तक रहेगी। कार्यक्रम में प्रो. रवि भूषण, डॉ. संदीप दहिया, सुनील कुमार मौजूद रहे।