फोटो: सूरत में हुई इंडियन एथलेटिक्स सीरीज-12 में स्वर्ण पदक विजेता किरण पहल। स्रोत: परिजन
- फोटो : Archive
पानीपत। एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित इंडियन एथलेटिक्स सीरीज में हरियाणा के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 11 पदक अपने नाम किए। इनमें पानीपत के खिलाड़ी आकाश ने ऊंची कूद स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया। यह प्रतियोगिता 16 जून को गुजरात के सूरत में आयोजित की गई थी।
एथलेटिक्स महासचिव प्रदीप मलिक ने बताया कि पुरुष वर्ग में आकाश (पानीपत) ने ऊंची कूद में स्वर्ण पदक जीता। वहीं झज्जर के अमन कुमार डागर ने 3000 मीटर स्टीपलचेज़ स्पर्धा में स्वर्ण पदक हासिल किया। रेवाड़ी के अविनाश ने लंबी कूद में स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
इसके अलावा जींद के आदित्य ने जेवलिन थ्रो स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता। महिला वर्ग में सोनीपत की किरण पहल ने 400 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक हासिल किया।
सोनीपत की भारती ने 5000 मीटर दौड़ में रजत पदक जीता, जबकि अमन कुमार ने 800 मीटर दौड़ में कांस्य पदक प्राप्त किया। हरियाणा के खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में कुल 11 पदक जीते, जिनमें छह स्वर्ण, तीन रजत और दो कांस्य पदक शामिल हैं। खिलाड़ियों के इस शानदार प्रदर्शन से प्रदेश के खेल जगत में खुशी और उत्साह का माहौल है। उनकी उपलब्धि ने युवा खिलाड़ियों को भी प्रेरित किया है।