सोनीपत। कोरोना के मामले लगातार मिल रहे है। पांच दिन बाद फिर कोरोना के 34 संक्रमित मिले हैं। इसके साथ ही 20 मरीज ठीक हुए हैं। ऐसे में नौ दिन बाद सक्रिय केस दोबारा बढ़कर 100 से ज्यादा हो गए हैं। 11 अप्रैल को 100 से कम सक्रिय केस हुए थे। लगातार बढ़ रहे कोरोना के मामलों को देखते हुए सरकार के निर्देशों का पालन नहीं किया जा रहा है। लोग बाजारों में बिना मास्क लगाए घूम रहे हैं।
उपायुक्त ललित सिवाच ने लोगों से कोरोना से बचाव के लिए पहले की तरह सतर्कता बरतने की अपील की है। साथ ही उन्होंने कहा कि कोरोना से बचने के लिए मास्क का इस्तेमाल जरूर करें। वीरवार को 118 लोगों के सैंपल लिए गए, जिनको जांच के लिए गांव खानपुर कलां स्थित बीपीएस महिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल की प्रयोगशाला में भेजा गया है। अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में एक संक्रमित भर्ती किया गया है।