सोनीपत। सोनीपत नगर सुधार मंच ने शहर को स्वच्छ बनाने के लिए महत्वपूर्ण पहल की है। मंच ने घोषणा की है कि महापुरुषों के नाम पर बनाए गए चौक एवं स्मारकों पर किसी भी प्रकार के पोस्टर, बैनर, प्लैक्स बोर्ड या विज्ञापन सामग्री लगाने वाले व्यक्तियों, संगठनों के खिलाफ हरियाणा राज्य संपत्ति विरूपण निवारण अधिनियम-1989 के तहत कानूनी कार्यवाही करवाएंगे।
सोमवार को विज्ञप्ति जारी करते हुए मंच के चेयरमैन संजय सिंगला, प्रधान सरदार मोहन सिंह मनोचा, महासचिव रविंद्र सरोहा ने कहा कि शहर के विभिन्न चौक-चौराहों का नामकरण उन महान व्यक्तित्वों की स्मृति में किया गया है जिन्होंने समाज और राष्ट्र के निर्माण में अमूल्य योगदान दिया है। ऐसे स्थानों पर पोस्टर-बैनर लगाना उनका अपमान है। साथ ही शहर की सुंदरता भी बिगड़ती है।
मंच ने सामाजिक संगठनों, राजनीतिक दलों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से अपील की कि मेरा शहर मैं ही संवारूं अभियान के अपील की कि प्रचार-प्रसार के लिए शहर में तय वैध स्थान पर ही पोस्टर-बैनर चस्पा करें। महापुरुषों के चौक के आसपास अनावश्यक रूप से वाहन खड़ा न करें। इससे यातायात बाधित होने के साथ दुर्घटना की आशंका रहती है।
स्वच्छ चौक-सम्मानित चौक अभियान जल्द होगा शुरू
सोनीपत नगर सुधार मंच ने स्पष्ट किया कि जल्द ही शहर में स्वच्छ चौक-सम्मानित चौक अभियान चलाया जाएगा। इसमें स्थानीय युवाओं, व्यापारियों व सामाजिक संस्थाओं को जोड़ा जाएगा। चेयरमैन संजय सिंगला ने कहा कि शहर हमारा, जिम्मेदारी भी हमारी-आइए मिलकर सम्मान दें हमारे महापुरुषों को।