खरखौदा। मुख्य बाजार की गलियों में दुकानदारों की ओर से किए गए अतिक्रमण के कारण हालात इतने खराब हो चुके हैं कि आम लोगों को आवागमन में दिक्कत हो रही है। अब इसे हटाने के लिए नगर पालिका ने सोमवार को कमेटी गठित की है।
नगर पालिका सचिव मनीष रेढू के अनुसार बाजार क्षेत्र में दुकानदारों ने अपनी दुकानों के बाहर सामान फैलाकर सड़क को संकरा कर दिया है। इतना ही नहीं कई जगहों पर दुकानों से कापी बाहर तक छज्जा और शेड निकालकर रास्ते को बाधित किया गया है।
विज्ञापन
प्रशासन ने अब नीचे रखे सामान से लेकर ऊपर लगे छज्जों तक को हटाने की योजना तैयार की है। बताया जा रहा है कि जल्द ही इस संबंध में अभियान चलाया जाएगा। इसमें पहले दुकानदारों को नोटिस देकर स्वयं अतिक्रमण हटाने का अवसर दिया जाएगा।
इसके बावजूद अगर अतिक्रमण नहीं हटाया तो नगर पालिका की टीम मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करेगी। शहर के मुख्य बाजार के हालात ऐसे हैं कि अतिक्रमण के कारण बाजार में पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है जबकि वाहन चालकों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
कई बार जाम की स्थिति भी बन जाती है। जिस पर अब नगर पालिका अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि शहर को व्यवस्थित और साफ-सुथरा बनाए रखने के लिए यह कार्रवाई जरूरी है और इसमें किसी प्रकार की ढील नहीं बरती जाएगी।