फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sonipat News: काले शीशे व अस्थायी नंबर लगाकर चलने वाले वाहन चालकों पर होगी कार्रवाई

Sat, 29 Nov 2025 02:33 AM IST
रोहतक ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सोनीपत
विज्ञापन
विज्ञापन
सोनीपत। उपायुक्त सुशील सारवान ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि काले शीशे व अस्थायी नंबर लगाकर अवैध रूप से चलने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई के लिए विशेष जांच अभियान चलाया जाए। सड़क सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए ऐसे वाहनों पर तुरंत सख्त कार्रवाई की जाए। यह नियमों का उल्लंघन करने के साथ सड़क हादसों व आपराधिक गतिविधियों की आशंका को बढ़ाते हैं।
विज्ञापन

उपायुक्त सुशील सारवान शुक्रवार को लघु सचिवालय में अधिकारियों के साथ सड़क सुरक्षा एवं सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी समिति की मासिक बैठक ले रहे थे। उन्होंने कहा कि जिला में बिना मानक के काला शीशा लगाने, फर्जी या एक्सपायर्ड अस्थायी नंबरों का उपयोग करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
पुलिस टीमें जांच अभियान चलाकर नियम तोड़ने वाले चालकों के चालान काटेगी और आवश्यकता पड़ने पर वाहन भी जब्त किए जाएंगे। उपायुक्त ने व्यक्तिगत वाहन का प्रयोग टैक्सी सेवा के लिए करने वाले चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के लिए क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण (आरटीए) के इंस्पेक्टर की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत वाहन का प्रयोग टैक्सी में करना गैर कानूनी है।
विज्ञापन

उन्होंने कहा कि टैक्सी सेवा के लिए प्रयोग किए जाने वाले वाहनों के लिए आरटीए से अनुमति लेना व पीली प्लेट लगवाना अनिवार्य है।
राष्ट्रीय राजमार्ग पर अवैध पार्किंग करने वालों पर होगी कार्रवाई
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर अवैध रूप से पार्किंग के लिए खड़ा करने वाले वाहनों पर भी कार्रवाई करें। यह वाहन कई बार हादसे का कारण बनते हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विश्वविद्यालय के आसपास होटलों व दुकानों की समय-समय पर जांच करें। जिससे वहां किसी प्रकार का मादक पदार्थ बेचने संबंधी गतिविधि न हो। सभी एसडीएम सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी के तहत निरंतर स्कूल बसों की जांच करें और नियमों का पालन न करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें।
सड़कों पर सफेद पट्टियां लगाने के निर्देश दिए
उपायुक्त ने सर्दियों में पड़ने वाले कोहरे के मद्देनजर संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़कों पर सफेद पट्टियां लगाई जाएं। जिससे वाहनों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित की जा सके। जिला प्रशासन की प्राथमिकता है कि सड़क दुर्घटना में किसी भी व्यक्ति की मौत न हो इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। इस दौरान एसडीएम डॉ. निर्मल नागर, सुभाष चंद्र, प्रवेश कादियान, नगर निगम की संयुक्त आयुक्त मीतू धनखड़, सहायक पुलिस आयुक्त राजपाल, रोडवेज महाप्रबंधक संजय कुमार भी मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें