संवाद न्यूज एजेंसी
गन्नौर (सोनीपत)। मुंबई में मिस टीन यूनिवर्स-2021 का खिताब जीतने वाली गन्नौर निवासी एंजेलिना राणा को दादा साहेब फाल्के टेलीविजन अवॉर्ड-2023 से नवाजा गया है। यह अवॉर्ड मुंबई में आयोजित समारोह में प्रदान किया गया। एंजेलिना राणा गन्नौर के एसीपी गोरखपाल राणा की बेटी हैं। दादा साहेब फाल्के इंडियन टेलीविजन अवॉर्ड प्राप्त करने वाली एंजेलिना प्रदेश की पहली लड़की हैं। लाडली की सफलता पर पूरे परिवार में खुशी का माहौल है।
एसीपी गोरखपाल राणा ने बताया कि एंजेलिना ने वर्ष 2021 में मुंबई में आयोजित प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर मिस टीन यूनिवर्स-2021 का खिताब जीता था। जिस वजह से आयोजकों ने उनका नाम दादा साहेब फाल्के इंडियन टेलीविजन अवाॅर्ड के लिए भेजा था। 12 जून को मुंबई में आयोजित सम्मान समारोह में एंजेलिना को यह अवाॅर्ड देकर सम्मानित किया गया। एसीपी का कहना है कि उनकी दो बेटियां हैं। बड़ी बेटी एमबीबीएस कर रही हैं और छोटी बेटी एंजेलिना ने अपनी प्रतिभा के दम पर हमें गौरवान्वित किया है। उन्हें अपनी बेटियों पर गर्व है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में यह पहला अवाॅर्ड है। उनकी बेटी ने उनका ही नहीं पूरे प्रदेश का नाम रोशन किया है।
ऐसे जीता मिस टीन यूनिवर्स-2021 का खिताब
एंजेलिना राणा ने बताया कि वर्ष 2021 में यू ट्यूब पर मिस टीन यूनिवर्स प्रतियोगिता के बारे में जानकारी जुटाई थी। इसके बाद उन्होंने बिना किसी विशेषज्ञ की मदद लिए घर पर ही रैंप वाॅक की तैयारी शुरू कर दी। इसके बाद अगस्त 2021 के पहले सप्ताह में मिस टीन के लिए आवेदन कर दिया। इसमें एंजेलिना राणा समेत देशभर की 30 प्रतिभागियों का चयन हुआ। 31 अगस्त को मुंबई में प्रतियोगिता का ग्रांड फिनाले हुआ, जिसमें उन्हें मिस टीन यूनिवर्स 2021 के खिताब से नवाजा गया।
बहुमुखी प्रतिभा की धनी हैं एंजेलिना
एसीपी गोरखपाल राणा ने बताया कि उनकी लाडली एंजेलिना राणा बहुमुखी प्रतिभा की धनी हैं। उनकी बेटी प्रदेश स्तर पर तैराकी प्रतियोगिता में स्वर्ण, ताइक्वांडो में स्वर्ण, स्केटिंग में स्वर्ण और डांस में राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं। वह एनसीसी में भी कप्तान रह चुकी हैं।
पिता को दिया सफलता का श्रेय
एंजेलिना राणा ने अपनी सफलता का श्रेय अपने पिता को दिया। उन्होंने बताया कि वह अपने पिता को अपना रोल मॉडल मानती हैं। अपने पिता से प्रेरणा लेकर वह इस मुकाम तक पहुंची हैं। एंजेलिना ने बताया कि उनके पिता लड़का-लड़की में कोई फर्क नही समझते। एंजेलिना ने प्रदेश वासियों से अपील की है कि सभी अपनी बेटियों को शिक्षित करें और आगे बढ़ने में उनकी मदद करें।
मिस यूनिवर्स का खिताब जीतना है लक्ष्य
मूलरूप से अंबाला के गांव बब्याल निवासी एंजेलिना ने बताया कि उनका सपना मिस यूनिवर्स का खिताब जीतने का है, जिसके लिए वह कड़ी मेहनत कर रही है। मेरे इस सपने को पूरा करने में पिता हर कदम पर पूरा साथ दे रहे हैं।