खरखौदा (सोनीपत)। गांव रामपुर कुंडल स्थित ईंट भट्ठे पर अपनी पत्नी की कस्सी से हमला कर हत्या करने के बाद 16 साल से पुलिस पकड़ से बाहर चल रहे आरोपी को एसटीएफ बहादुरगढ़ की टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी मूलरूप से छत्तीसगढ़ के जिला जांजगीर चांपा के गांव बंदोरा फिलहाल सक्ती निवासी उमेश सतनामी मंडल है। आरोपी की गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम रखा गया था।
एसटीएफ प्रभारी बहादुरगढ़ इंस्पेक्टर बिजेंद्र कुमार ने बताया कि 15 दिसंबर, 2007 को मूलरूप से उत्तर प्रदेश के जिला प्रतापगढ़ के गांव बदगदा निवासी अरुण त्रिपाठी ने खरखौदा थाना पुलिस को बताया था कि वह गांव रामपुर कुंडल स्थित ईंट भट्ठे पर मुंशी के रूप में काम करते हैं। उनके भट्ठे पर उमेश व उनकी पत्नी सविता काम करते थे। 14 दिसंबर, 2007 को उमेश सतनामी मंडल अपनी झुग्गी के सामने अपनी पत्नी सविता से झगड़ा कर रहा था। इसी दौरान कहासुनी के बीच आरोपी ने अपनी पत्नी पर कस्सी से हमला कर दिया था। जिससे की मौके पर मौत हो गई थी। वारदात के बाद हमलावर मौके से भाग गया था। अब आरोपी को उमेश सतनाली मंडल को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी अब तक नक्सल प्रभावित क्षेत्र में छिपा हुआ था। इसके चलते अब तक पुलिस गिरफ्त से बाहर था। आरोपी को खरखौदा थाना पुलिस को सौंप दिया गया है। आरोपी पर वर्ष 2019 में छत्तीसगढ़ के जिला सक्ती में शस्त्र अधिनियम का एक अन्य मुकदमा दर्ज है।