सोनीपत। गांव ककरोई रोड स्थित खेत में टैक्सी चालक की धारदार हथियार व पत्थर से हमला कर हत्या कर दी गई। उसे वीरवार की रात को कॉल कर कहीं जाने के लिए चौलका बुलाया गया था। सुबह तक नहीं पहुंचने पर परिजन तलाश में जुटे तो पुलिस ने कॉल कर शव मिलने की जानकारी दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मृतक के चचेरे भाई के बयान पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया कर लिया है।
गांव सिसाना निवासी प्रवीन ने सदर थाना पुलिस को बताया कि उनका चचेरा भाई अशोक (33) टैक्सी चालक था। उन्होंने दो साल से अपनी कार को एक टैक्सी कंपनी में लगा रखा था। वीरवार रात को दस बजे उनके भाई घर पर थे। इसी दौरान उनके मोबाइल पर कॉल आई थी और दूसरी तरफ से बोल रहे व्यक्ति ने उनकी कार को लेकर चलने को कहा। कॉल करने वाले ने उनके चचेरे भाई को गांव चौलका में बुलाया था। इसके बाद उनके भाई रात करीब सवा दस बजे घर से निकल गए। उसके बाद वह घर नहीं लौटे। तड़के चार बजे कॉल की गई तो उनका मोबाइल बंद मिला। उसके बाद परिवार के सदस्य उनकी तलाश में लग गए। सुबह उन्हें सूचना मिली कि उनके भाई की कार ककरोई रोड पर खड़ी है। वह परिवार के लोगों के साथ पहुंचे तो भाई का शव सड़क किनारे पड़ा मिला। उनके भाई के चेहरे व सिर पर धारदार हथियार व पत्थर से हमला किया गया था। पुलिस ने मौके से खून से सना पत्थर भी बरामद किया है। मौके पर एसीपी नरसिंह, जीत सिंह व थाना सदर प्रभारी कर्मजीत और उनकी टीम जांच कर रही थी। पुलिस ने एफएसएल की टीम को भी मौके पर बुलाकर सबूत जुटाए हैं। पुलिस ने मामले में प्रवीन के बयान पर मुकदमा दर्ज कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया है।
तीन बहनों का इकलौता भाई था अशोक
टैक्सी चालक अशोक तीन बहनों का इकलौता भाई था। तीनों बहनों की शादी हो चुकी है। अशोक के पिता सतबीर गन्ना मिल से सेवानिवृत्त हैं। शादीशुदा अशोक के तीन बच्चे हैं, जिसमें दो बेटियां व एक बेटा शामिल है। वारदात के बाद से परिजनों का रोकर बुरा हाल है।
कीकर से टकराई मिली गाड़ी, खुली मिलीं खिड़कियां
पुलिस को गांव ककरोई के पास कार कीकर के पेड़ से टकराई मिली है। आशंका है कि पीछे बैठे हमलावर ने अचानक वारदात को अंजाम दिया। इससे अशोक की गाड़ी कीकर से टकरा गई। चालक व पीछे की सीटों की खिड़की खुली मिली है।
वर्जन
पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। रात को कॉल करने वाले का पता लगाया जा रहा है। जल्द मामले में हमलावरों का पता लगाकर घटना का पटाक्षेप किया जाएगा।
-कर्मजीत सिंह, थाना प्रभारी, सदर सोनीपत