सोनीपत। सेक्टर-14 निवासी भाजपा नेता ने मुरथल रोड पर प्लॉट बेचने के नाम पर 40 लाख रुपये लेने का आरोप लगाया है। आरोप है कि प्लॉट के ब्याना के नाम पर रुपये लिए गए थे। उसके बाद अब प्लॉट की रजिस्ट्री नहीं कराई जा रही है। पीड़ित ने पुलिस आयुक्त को शिकायत देकर मुकदमा दर्ज कराया है।
सेक्टर-14 निवासी राजकुमार ने पुलिस आयुक्त को दी शिकायत में बताया कि उन्होंने 200 वर्ग गज का प्लॉट मुरथल रोड पर खरीदा था। प्लॉट उन्होंने एक व्यक्ति के माध्यम से दो आरोपियों से लिखित एग्रीमेंट 10 जनवरी की शर्तों के अनुसार खरीदा था। इसके तहत उन्होंने 1.11 लाख रुपये प्रति वर्ग गज के हिसाब से प्लॉट लिया था। इसके ब्याने के रूप में उन्होंने 38 लाख रुपये आरटीजीएस के माध्यम से आरोपी के खाते में दिए थे और दो लाख नगद दिए थे। इसकी रसीद भी आरोपियों ने गवाहों के सामने लिख कर दी थी।
राजकुमार का आरोप है कि अब आरोपी मिलकर प्लॉट की रजिस्ट्री नहीं करा रहे हैं। उन्होंने कई बार आरोपी से प्लॉट की रजिस्ट्री करवाने के लिए कहा है। उनका आरोप है कि अब आरोपी कह रहा है कि वह सभी मिलकर उस प्लॉट को किसी अन्य को बेचेंगे। अब उन्होंने कहा कि उनके साथ धोखाधड़ी की गई है। आरोपियों ने उसे व उनके परिवार को मारने की धमकी दी है। एक आरोपी का कहना है कि वह एनआरआई हैं और वह सभी मिलकर प्लॉट को बेचेंगे। उसके बाद वह विदेश चले जाएंगे। पीड़ित ने मामले में ठोस कार्रवाई की मांग की है। सेक्टर-27 थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।