-110 कार्टन लेकर लखनऊ जा रही थी गाड़ी, ट्रांसपोर्ट कारोबारी से 1.94 लाख रुपये मांगने का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। ट्रांसपोर्ट कारोबारी की एसी और रेफ्रिजरेटर से लदी गाड़ी रुकवाकर माल हड़पने के मामले में राई पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी भिवानी जिले के गांव खावा निवासी सोनू है। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।
गोहाना में महाकाल ट्रांसपोर्ट कंपनी के सन्नी ने 24 अक्तूबर को शिकायत दी थी कि 18 अक्तूबर को बहादुरगढ़ निवासी निखिल की गाड़ी किराये पर बुक की गई थी। गाड़ी में एसी और रेफ्रिजरेटर के 110 कार्टन लादकर 19 अक्तूबर को लखनऊ के लिए रवाना किया गया। 20 अक्तूबर को निखिल ने फोन कर बताया कि सोनू ने रास्ते में गाड़ी रुकवा ली है। वह 1.94 लाख रुपये का सामान होने की बात कहकर निखिल से पैसे मिलने तक गाड़ी आगे नहीं जाने देने की बात कह रहा था। बातचीत के बावजूद समाधान नहीं निकला और बाद में निखिल का फोन बंद हो गया। शिकायत के आधार पर थाना राई में प्राथमिकी दर्ज की गई। थाना राई में तैनात सहायक उप निरीक्षक राजपाल की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी सोनू को गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी यशबीर सिंह ने बताया कि आरोपी को तीन दिन के रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।