मुरथल। मुरथल थाना क्षेत्र के गांव में युवक की मौत के मामले में बुजुर्ग ने पुत्रवधू व उसके प्रेमी पर हत्या करने का आरोप लगाकर मामले की शिकायत एसपी को दी थी। बुजुर्ग के बेटे की मौत निजी अस्पताल में हुई थी, जहां चिकित्सक ने परिजनों के सामने युवक को लंबे समय से नशीला पदार्थ दिए जाने का शक जताया था। बाद में पुत्रवधू की संदिग्ध गतिविधि से उनका शक बढ़ गया था। एसपी ने मामले की जांच सीआईए से कराई थी। जिसकी रिपोर्ट पर मुरथल थाने में गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।
बुजुर्ग ने एसपी को शिकायत दी थी कि वह डीटीसी से सेवानिवृत्त हैं। उसके दो बेटे व एक बेटी है। उनके बड़े बेटे की 7 मई को कोरोना संक्रमण के चलते मौत हो गई थी। वह इस सदमे से उबर भी नहीं पाए थे कि उनका छोटा बेटा गंभीर रूप से बीमार हो गया। उपचार के दौरान 22 मई को उसकी भी बहालगढ़ रोड स्थित एक निजी अस्पताल में मौत हो गई। उस समय चिकित्सक ने बताया था कि युवक को लंबे समय से नशीला पदार्थ दिए जाने का शक है। उसके शरीर में नशीले पदार्थ का असर बहुत ज्यादा हो गया था। व्यक्ति ने बताया कि उसका बेटा अपनी पत्नी के साथ उनसे अलग रहता था, लेकिन वह नशा नहीं करता था। उसकी पुत्रवधू बेटे की तेरहवीं के दिन 31 मई को अचानक दोपहर को अपने उस घर में चली गई जहां वह उसके साथ रहती थी। उनकी बेटी ने पुत्रवधू को अखिलेश यादव नाम के युवक संग देखा था। जिस पर शक गहरा गया। उन्होंने मामले को लेकर पुलिस को शिकायत दी। ठोस कार्रवाई नहीं होने पर एसपी को शिकायत देकर हत्या का आरोप लगाया था। जिस पर एसपी ने मामले की जांच सीआईए-2 से करवाई। अब सीआईए-2 की रिपोर्ट के बाद मुरथल थाना पुलिस ने पुत्रवधू व उसके प्रेमी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ननद को भी नशीला पदार्थ देने का आरोप
व्यक्ति ने बताया कि 10 जून को उसकी बेटी अपनी भाभी के पास उसके घर गई थी। रात को वहां रुकी तो उसने रात को अपनी भाभी अखिलेश के साथ संदिग्ध हालात में देख लिया था। जब उन्होंने 11 जून को उसे समझाने का प्रयास किया तो उसने हंगामा कर दिया था। साथ ही पुलिस के सामने धमकी दी थी उसके बेटे को उसने मार दिया है और उसे भी मार देगी। जब उसकी बेटी ने चाय के कप को देखा तो उसमें गोलियां मिली थी। उसे शक है कि भाभी ने उसे भी उस रात नशे की गोलियां खिला दी थी।
गलत संबंधों व संपत्ति हड़पने के लिए मारने का शक
बुजुर्ग ने शक जताया है कि उसकी पुत्रवधू ने अखिलेश से गलत संबंधों व उसके बेटे की संपत्ति को हड़पने के लिए हत्या कर दी थी। कुछ दिन पहले ही बड़े बेटे को खोने के कारण वह उस समय होश में नहीं थे और बेटे के शव का अंतिम संस्कार कर दिया था।
युवक की मौत के मामले में सीआईए-2 की शुरुआती जांच के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की गहनता से जांच कर आगे ठोस कार्रवाई की जाएगी। दोषियों को किसी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
-अरुण कुमार, थाना प्रभारी, मुरथल।