फोटो 40: सोनीपत के मुकीनपुर में ग्रामीण की पिटाई कर हत्या करने के मामले में गिरफ्तार आरोपी के स
सोनीपत। गांव मुकीनपुर में ग्रामीण की पीट-पीटकर हत्या करके शव घर के बाहर फेंकने के मामले में बहालगढ़ थाना पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी गांव मुकीनपुर निवासी आनंद है। उसे अदालत में पेश करने के बाद तीन दिन के रिमांड पर लिया है।
गांव मुकीनपुर निवासी महिला ने 18 नवंबर को शिकायत दी थी कि उनके पति कप्तान (50) का परिवार के ही एक पक्ष से विवाद चल रहा था। रविवार रात कप्तान घर से बाहर गए थे। दूसरे पक्ष का युवक अपने साथियों के साथ देर रात करीब पौने 12 बजे उनके जेठ बलबीर के घर के बाहर आया था। उन्होंने अपनी गाड़ी से कप्तान के शव को बाहर फेंक दिया। साथ ही आवाज देकर उनके जेठ को भी धमकी दी थी। उसके बाद हमलावर भाग गए थे। परिजन बाहर आए तो देखा कि कप्तान के शरीर पर लाठी-डंडे से हमला करने के निशान थे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।
अब थाना प्रभारी इंस्पेक्टर जगदीश की टीम ने मामले कार्रवाई करते हुए आरोपी आनंद को गिरफ्तार कर तीन दिन के रिमांड पर लिया है। पुलिस की शुरुआती जांच में पता लगा है कि लेनदेन में हत्या की गई थी।