खरखौदा। गांव सिसाना के एक व्यक्ति ने हरियाणा पुलिस महानिदेशक को शिकायत भेजकर गांव के ही युवक पर फर्जी दस्तावेज के आधार पर हरियाणा पुलिस में नौकरी पाने का आरोप लगाया है।
शिकायत में पुलिस से कार्रवाई करने की मांग की गई है। खरखौदा थाना पुलिस ने शिकायत पर युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। गांव सिसाना से एक सप्ताह पहले भी ऐसा ही मामला सामने आया था। सिसाना निवासी जगमेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि गांव का एक युवक कक्षा आठवीं में कंपार्टमेंट आने के बाद फर्जी दस्तावेज के आधार पर नौंवी में दाखिला ले लिया था। इसके बाद आगामी पढ़ाई करते हुए वह हरियाणा पुलिस में भर्ती हो गया। उन्होंने मामले को लेकर फरीदाबाद पुलिस से जांच की मांग की थी।
जांच को लेकर जब उन्हाेंने आरटीआई से सूचना मांगी तो उन्हें मिले रिकाॅर्ड के अनुसार युवक की ओर से वर्ष 1997 में हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड, भिवानी से कक्षा आठवीं की परीक्षा दी थी। परीक्षा के बाद उसकी कंपार्टमेंट आई थी, जोकि आज तक क्लियर नहीं हुई है। इसके बाद युवक ने कक्षा नौंवी में दाखिला लेकर आगामी पढ़ाई करते हुए हरियाणा पुलिस की नौकरी प्राप्त कर चुका है। संवाद