सोनीपत। गांव रायपुर के युवक को कनाडा भेजकर नौकरी लगवाने के नाम पर 25 लाख रुपये से अधिक की राशि ऐंठने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने अपने रिश्तेदार व दो अन्य पर मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि उन्हें फर्जी कागजात पर कनाडा भेज दिया, लेकिन उन्हें एयरपोर्ट पर ही पकड़ लिया और वापस भेज दिया गया।
गांव रायपुर निवासी विशाल ने सेक्टर-27 थाना पुलिस को बताया है कि उनके रिश्तेदार ने अपने दो परिचितों के बारे में उन्हें व उनके पिता को बताया था। उसने कहा था कि उनके परिचित करनाल के रहने वाले युवक विदेश भेजकर नौकरी लगवा सकते हैं। रिश्तेदार होने के चलते वह उनके झांसे में आ गए। रिश्तेदार ने उन्हें करनाल के रहने वाले युवकों से मिलवा दिया। आरोपियों ने उन्हें कनाडा में नौकरी लगवाने के नाम पर 25 लाख रुपये देने की मांग की। आरोपियों ने कहा कि यह रकम तो 6 माह में कमा लोगे। वह उनके झांसे में आ गया। करनाल के आरोपियों ने उनके कनाडा के लिए कुछ फर्जी कागजात बनवाए। इसके साथ उन्हें 25 लाख रुपये का इंतजाम करने को कहा। इसके बाद उन्होंने अपने रिश्तेदारों से पैसा लेकर रकम जुटाई। अपनी कार तक बेच दी। करीब 11 लाख रुपये आरोपियों के खाते में डाले। साढ़े 19 लाख रुपये अपने खाते में जमा किए थे। वह वहां किस्तों में आरोपियों को दिए।
25 जुलाई को करनाल के आरोपियों ने उन्हें फर्जी कागजात के बल पर उन्हें कनाडा भेज दिया। कनाडा एयरपोर्ट पर ही पुलिस ने उन्हें रोक लिया और वहीं से उन्हें वापस भेज दिया। यही नहीं उनके ऊपर फर्जीवाड़े का कहकर कनाडा में दोबारा आने के लिए प्रतिबंध लगा दिया। वह 28 जुलाई को वापस भारत आए और पिता को जानकारी दी। आरोपियों से रुपये वापस मांगे तो वह बहाने बनाते रहे। अब वह धमकी दे रहे हैं। इस पर पुलिस को बताया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।