फोटो 54:सोनीपत में गवाह को धमकी देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया आरोपी। स्रोत : पुलिस प्रवक्त
सोनीपत। न्यायिक प्रक्रिया को प्रभावित करने और गवाह को जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने आरोपी गांव कामी निवासी संजय उर्फ कालू को गिरफ्तार कर लिया है। उस पर अदालत में गवाही न देने का दबाव बनाने का आरोप है। पुलिस के पकड़ने के दौरान आरोपी भागते हुए गिरकर चोटिल हो गया।
गांव कामी निवासी नरेंद्र ने शहर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी कि वह 2 दिसंबर को कोर्ट में एक मुकदमे की सुनवाई के लिए उपस्थित थे। इसी दौरान आरोपी संजय और उसके साथी कुलदीप ने उन्हें घेर लिया और परिवार सहित मारने की धमकी देते हुए गवाही नहीं देने का दबाव बनाया।
उन्होंने शिकायत में बताया था कि उनके बड़े भाई देवेंद्र पर भी हमला हो चुका है। वह एक अन्य आपराधिक मामले में गवाह थे। उस हमले के संबंध में संबंधित एफआईआर दर्ज की गई थी और आरोपी जेल भेजे गए थे।
नरेंद्र ने पुलिस को बताया कि हाल ही में जेल से जमानत पर बाहर आने के बाद आरोपी लगातार सोशल मीडिया के माध्यम से धमकी भरे वीडियो भेज रहे थे। इन वीडियो में गवाही न देने का दबाव बनाया जा रहा था जिससे पूरे परिवार को जान-माल का गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया।
मामले में थाना शहर सोनीपत में प्राथमिकी दर्ज की गई। एएसआई संदीप के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने आरोपी संजय उर्फ कालू को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस जब आरोपी को पकड़ने लगी तो वह भागने लगा। गिरने से उसके पैर में गंभीर चोट लगी।