सोनीपत। कुंडली थाना पुलिस ने प्लास्टिक दाना चोरी करने के मामले में आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी राजस्थान के भरतपुर फिलहाल दिल्ली के नरेला निवासी राजेंद्र है। उसके पास से 12500 रुपये बरामद किए हैं। उसे अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
गुरुग्राम के गांव धर्मपुर निवासी दीपक ने 11 दिसंबर को पुलिस को शिकायत दी थी कि वह रिटको लॉजिस्टिक लिमिटेड की गुरुग्राम शाखा में प्रबंधक है। 25 नवंबर को उनकी कंपनी की दहेत ब्रांच ने 38 टन प्लास्टिक दाना गाड़ी में लोड करवाकर दिल्ली के लिए रवाना किया था। 29 नवंबर की रात 10 बजे कुंडली टोल पार करने के बाद चालक ने गाड़ी खड़ी कर दी थी। उसके बाद चालक राजेंद्र और गाड़ी मालिक दिल्ली के नजफगढ़ के गांव सारंगपुर निवासी हिमांशु के मोबाइल फोन बंद हो गए थे। उसके बाद गाड़ी मालिक के घर पर भी संपर्क किया, लेकिन वह घर से गायब मिला। उन्होंने हिमांशु व राजेंद्र पर प्लास्टिक दाना गायब करने का शक जताया था। इस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया था। अब पुलिस ने आरोपी राजेंद्र को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।