जहरीली शराब बनाने की अवैध फैक्टरी चलाने का आरोपी पुलिस के साथ।
- फोटो : Sonipat
गांव नैना ततारपुर में जहरीली शराब बनाने की फैक्टरी चलाने के मुख्य आरोपियों में शामिल पानीपत के गांव सींक के अमित उर्फ मीता को मोहाना थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी को अदालत में पेश कर तीन दिन के रिमांड पर लिया गया है। आरोपी से मामले से जुड़ी जानकारी जुटाई जाएगी।
जानकारी के लिए जहरीली शराब पीने से कई लोगों की मौत हो गई थी। जिसके बाद जांच में पुलिस को जानकारी मिली थी कि गांव नैना ततारपुर में अवैध फैक्टरी में बनाई गई शराब से लोगों की जान गई है। टीम ने छापा मारकर गांव के ही रहने वाले विजय को गिरफ्तार किया था। जहरीली शराब भी बरामद की थी। पूछताछ के आधार पर पुलिस ने गांव सिटावली निवासी अजीत उर्फ जीता व सैदपुर निवासी मुकेश को गिरफ्तार किया था। जांच के दौरान ही पुलिस ने फैक्टरी के हिस्सेदार नैना ततारपुर के रहने वाले नरेश उर्फ नेशी, मंदीप उर्फ सेठा व गांव आहुलाना निवासी संदीप उर्फ मामा, मोहित विजय व विजय कुमार को गिरफ्तार किया था। वहीं, कई अन्य आरोपियों की भी गिरफ्तारी हुई थी। अब पुलिस ने मुख्य आरोपियों में शामिल व फैक्टरी में साझेदार अमित उर्फ मीता को गिरफ्तार किया है। मामले के जांच अधिकारी नरेंद्र कुमार ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश कर तीन दिन के रिमांड पर लिया गया है, ताकि मामले से जुड़े अन्य साक्ष्य जुटाए जा सकें।