खरखौदा (सोनीपत)। चावल के लेन-देन में 48 लाख रुपये की धोखाधड़ी के मामले में खरखौदा थाना पुलिस ने हिमाचल प्रदेश के सिरमौर निवासी अनुज को गिरफ्तार किया है। आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया जहां से उसे तीन दिन के रिमांड पर भेज दिया गया।
29 जुलाई 2023 को व्यापारी अनिल कुमार ने शिकायत दी थी कि उनके पिता रामनिवास की गर्ग इंटरप्राइजेज के नाम से फर्म है। 5 मई को बहादुरगढ़ के रहने वाले ब्रोकर यशपाल गर्ग ने उनसे फोन पर संपर्क कर चावल दिलाने की बात कही। यशपाल दिल्ली के नया बाजार में ब्रोकर है।
विज्ञापन
उसके साथ उनका करार हो गया। डील के मुताबिक उसने ब्रोकर के बताए अनुसार खाते में 48 लाख रुपये भेज दिए जोकि ट्रेड एक्सपर्ट के नाम से था लेकिन इसके बाद आरोपी ने उन्हें चावल नहीं दिलवाया। उन्होंने अपने पैसे मांगे तो उसने ट्रेड एक्सपर्ट के खाते से ही 48 लाख रुपये का चेक दे दिया।
इसके बाद भी वह उन्हें अपनी बातों में उलझाने का काम करता रहा। बड़ी रकम का मामला होने के कारण उनके परेशान पिता रामनिवास गर्ग की भी 28 जून को मौत हो गई। व्यापारी अनिल कुमार की शिकायत पर पुलिस ने यशपाल जैन व अनुज (जिसके खाते में पैसा गया) के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली थी। एसआई हरिप्रकाश ने मामले में संलिप्त आरोपित अनुज गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है।