सोनीपत। दिल्ली से बागपत के लिए टैक्सी को बुकिंग में लेकर आने के बाद गाड़ी व नकदी लूटने के लिए चालक की गोली मारकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने एक अन्य आरोपी को पकड़ा है। गिरफ्तार आरोपी यूपी के जिला बागपत के बड़ौत का रहने वाला आसिफ है। मामले में यूपी के जिला बागपत के गांव सिनौली निवासी प्रशांत उर्फ विशु व बिजनौर की ज्ञान विहार कॉलोनी निवासी राजन को पहले गिरफ्तार किया था।
मूलरूप से रेवाड़ी के गांव बगडवा अहीर हॉल नोएडा के सेक्टर-104 निवासी नवीन ने 29 जनवरी को बहालगढ़ थाना पुलिस को बताया था कि वह मानवी टूर एवं ट्रेवल्स के नाम से दिल्ली में कार्यालय चलाते हैं। 28 जनवरी को उनकी टैक्सी को चालक मूलरूप से यूपी के जिला बुलंदशहर के खुर्जा हॉल नोएडा के सेक्टर-104 निवासी प्रमोद बागपत के लिए लेकर गए थे। बाद में नवीन ने जीपीएस की मदद से कुमासपुर स्थित ओमेक्स सोसाइटी के पास से कार को बरामद कर लिया था। पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़कर शव को बागपत से बरामद किया था। मामले में आसिफ को सबूत मिटाने के आरोप में पकड़ा है। संवाद