सोनीपत। थाना शहर गोहाना की पुलिस ने विदेश भेजने के नाम पर धोखाधड़ी कर 16 लाख 53 हजार रुपये की ठगी करने का आरोपी तारागढ़, कैथल निवासी सुनील को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया है।
ठगी को लेकर 3 जनवरी 2025 को जिले के खंदराई निवासी साहिल ने पुलिस उपायुक्त गोहाना के कार्यालय में शिकायत दी थी। बताया कि मार्च 2024 में सुनील उसके घर आया और युवाओं को विदेश भेजने और नौकरी लगाने का काम करने की बात कही।
इस पर उसने अपनी ससुराल वालों से बात कर साली को कनाडा भेजने को कहा। उनकी बातचीत 20 लाख में तय हो गई और अगस्त 2024 के अंत तक पैसे देने की बात कही। इस पर उन्होेंने 20 अगस्त तक साहिल को 16 लाख 53 हजार रुपये दिए।
इसके बाद जब वह अपनी साली को कनाडा भेजने की बात करता तो वह टाल-मटोल करने लगा। जब उसने अपने पैसे वापस मांगे तो वह पैसे देने से भी मुकर गया। इस पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज करते हुए जांच शुरू की।
थाना शहर गोहाना की अनुसंधान टीम में नियुक्त सहायक उप निरीक्षक अनम ने अपनी टीम के साथ आरोपी सुनील को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया है।