सोनीपत। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जल्द निक्षय शिविर 3.0 की शुरुआत होने जा रही है। टीबी मुक्त भारत बनाने के उद्देश्य से मुख्यालय की ओर से स्थानीय अधिकारियों को फिर से शिविर लगाने की तैयारी करने के निर्देश दिए हैं। जल्द ही शिविर 3.0 की घोषणा होगी।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से तपेदिक (टीबी) मरीजों की पहचान करने के लिए अब तक दो बार 100-100 दिन के लिए निक्षय शिविर अभियान चलाए जा चुके हैं। इसमें 1,01,250 लोगों की स्क्रीनिंग हो चुकी है। इन अभियानों में 182 लोग टीबी संक्रमित मिले। स्वास्थ्य विभाग की ओर से इन मरीजों की निगरानी की जा रही है।
7 दिसंबर 2024 में शुरू हुई योजना
टीबी मुक्त भारत बनाने के उद्देश्य से 100 दिन निक्षय शिविर 1.0 की शुरुआत 7 दिसंबर 2024 को हुई थी। जिले में टीबी मरीजों की पहचान के लिए तीन मोबाइल मेडिकल यूनिट (एमएमयू) को संचालित हो रही है। प्रत्येक वाहन में टीबी जांच के लिए एक्स-रे मशीन और बलगम जांच के लिए सीबी नॉट मशीन की सुविधा है।
राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम (एनटीईपी) के तहत टीबी मुक्त क्षेत्र के लिए निक्षय शिविर लगाए गए। इसमें मरीजों की पहचान के लिए वर्ल्ड हेल्थ पार्टनर संस्था के सहयोग से लोगों की स्क्रीनिंग की गई। शिविर 1.0 के तहत विभाग की ओर से 59261 लोगों की स्क्रीनिंग की गई।
इनमें कार्ट्रिज बेस्ड न्यूक्लिक एसिड एप्लीकेशन टेस्ट (सीबी नॉट) मशीन से बलगम के 9714 नमूनों की जांच की गई और इसके अलावा 12497 संदिग्ध मरीजों के एक्स-रे किए जा गए। इनमें 18 मरीजों की पहचान की गई थी। 100 दिन का शिविर संपन्न होने के तुरंत बाद वर्ष 2025 में निक्षय शिविर 2.0 की गई थी।
इसमें 41,989 लोगों की स्क्रीनिंग की जा चुकी है। इसमें से बलगम के 9520 नमूने की सीबी नाॅट से जांच की गई। इसके अलावा 10,368 संदिग्ध मरीजों के एक्स-रे किए थे। इनमें 164 मरीजों की पहचान की गई थी। विभाग ने दावा कि टीम की ओर से हाई रिस्क (उच्च जोखिम) क्षेत्र में मशीन से संदिग्ध मरीज, उनके परिजनों की स्क्रीनिंग की गई।
रोकथाम संबंधी सिफारिशें
- टीबी रोगियों से सामाजिक दूरी बनाए रखें
- नियमित रूप से हाथ की स्वच्छता का अभ्यास करें
- खांसते व छींकते समय मुंह और नाक को ढकें
- बीसीजी का टीका लगवाएं
- स्वस्थ जीवनशैली, पर्याप्त नींद और स्वस्थ खान-पान की आदतें अपनाएं
- धूम्रपान से बचें (टीबी का खतरा बढ़ जाता है)
- नियमित रूप से व्यायाम करें
-
दो बार 100-100 दिन के लिए निक्षय शिविर चलाए जा चुके हैं। इसमें 1,01,250 लोगों की स्क्रीनिंग की गई थी। अब मुख्यालय की ओर से निक्षय शिविर 3.0 की तैयारी की जा चुकी है। जल्द ही इसकी शुरुआत कर दी जाएगी। मुख्यालय से सभी जिला अधिकारियों को निक्षय 3.0 शुरु करने के निर्देश दिए जा चुके हैं। अभियान के तहत अब तक मिल चुके सभी मरीजों का उपचार किया जा रहा है।
- डॉ. तरुण यादव, उप सिविल सर्जन, सोनीपत