जुलाना। सिरसा खेड़ी के पास 43 कनाल चार मरले कृषि भूमि का सौदा कर 23 लाख रुपये बयाना लेने के मामले में जुलाना थाना पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी की एफआईआर दर्ज की है।
सोनीपत के खांडा निवासी सोमबीर और लक्ष्य ने शिकायत में बताया कि विकास और मनोज लाठर ने उन्हें जमीन दिखाई थी। 12 मार्च 2025 को एक लाख रुपये टोकन राशि दी गई। 20 मार्च को 23 लाख रुपये का इकरारनामा कर चार और तीन लाख रुपये के चेक तथा 16 लाख रुपये नकद दिए गए। 15 सितंबर तक जमीन की रजिस्ट्री कराने की बात तय हुई थी, लेकिन रजिस्ट्री नहीं कराई गई।
ईओडब्ल्यू जांच में जमीन इकरारनामा करने वालों के नाम नहीं होने की बात सामने आई। रिपोर्ट में सात लोगों पर मिलीभगत कर रकम लेने के आरोप हैं। थाना प्रभारी कमल सिंह ने बताया कि केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।