सांपला-खरखौदा रोड पर बुधवार सुबह तेज गति से जा रहा ट्रक अनियंत्रित होकर रोहणा गांव के एक मकान में घुस गया। घटना में परिवार के तीन लोग और ट्रक चालक घायल हो गए। हादसे से गुस्साए ग्रामीणों ने मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया। मौके पर पहुंची पुलिस द्वारा समझाए जाने पर भी जब वे लोग नहीं माने तो तहसीलदार शिवकुमार सैनी ने मौके पर पहुंचकर साढ़े तीन घंटे बाद जाम खुलवाया। गौरतलब है कि बुधवार सुबह सांपला की ओर से खरखौदा आ रहा एक ट्रक अनियंत्रित होकर गांव रोहणा में एक घर में जा घुसा। परिवार के सदस्यों को काफी चोटें आईं और ट्रक चालक भी इसमें घायल हो गया। घायलों को बाहर निकालकर खरखौदा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। जहां से घायल कैलाशो पत्नी शीलकराम, उसकी बेटी प्रियंका, बेटे राहुल सहित ट्रक चालक को पीजीआई, रोहतक भेज दिया गया।
गांव में ब्रेकर बनाने की मांग
घटना से गुस्साएं ग्रामीणों ने मुख्य मार्ग पर जाम लगाकर गांव में ब्रेकर बनाने की मांग की ताकि तेज रफ्तार से आने वाले वाहनों को नियंत्रित किया जा सके। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन नहीं माने। जिससे मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। वाहनों को अन्य रूटों से डायवर्ट भी किया गया।
बेरीकेट लगाकर वाहनों की रफ्तार नियंत्रित करने का दिया आश्वासन
सूचना पर पहुंचे तहसीलदार शिवकुमार सैनी और डीएसपी प्रदीप कुमार ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि वाहनों की रफ्तार पर लगाम कसी जाएगी। राष्ट्रीय राजमार्ग होने से वह सड़क पर ब्रेकर नहीं बनवा सकते हैं। वहीं पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता के लिए ग्रामीण जिला उपायुक्त से संपर्क करें। जिसके बाद ग्रामीणों ने 11 बजे जाम खोल दिया।