बाइक पर सवार होकर ड्यूटी पर जा रहे हरियाणा पुलिस के सिपाही को बुधवार सुबह सनपेड़ा मोड़ पर कार ने टक्कर मार दी। टक्कर में बड़ी गांव निवासी 25 वर्षीय हरेंद्र मौके पर ही मौत हो गई। हरेंद्र पुलिस में सिपाही के तौर पर भर्ती हुआ था। छह अक्तूबर को हरेंद्र का तबादला पंचकूला से पानीपत हो गया। उसे पानीपत में ज्वाइनिंग करनी थी। इससे पहले वह अपने घर गांव बड़ी आया। मंगलवार रात को वह गांव सनपेड़ा मोड़ से बाइक पर अपने घर की तरफ जा रहा था। इसी दौरान कार ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में हरेंद्र की मौत हो गई। मामले की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।
गन्नौर थाना के अंतर्गत जीटी रोड चौकी प्रभारी बीर सिंह ने बताया कि सड़क हादसे में सिपाही की मौत हो गई है। पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी का पता लगा कर जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
राजकीय सम्मान के साथ दी अंतिम विदाई
हरेंद्र की मौत के बाद बुधवार को गांव बड़ी में राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। उनके अंतिम संस्कार के दौरान गार्द ने उन्हें सलामी दी।