फोटो 15- सोनीपत के बालग्राम राई में बाल कल्याण समिति के सदस्यों व परिजनों के साथ मौजूद शिवानी।
सोनीपत। आधार कार्ड ने खोई हुई मूकबधिर किशोरी को उसके परिजनों से मिलने का माध्यम बना। जिला बाल संरक्षण अधिकारी रितु गिल ने बताया कि शिवानी (15) 25 मई को गुम हो गई थी। परिजनों की ओर से इसे लेकर खरखौदा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। किशोरी को 29 जुलाई को पानीपत से राई स्थित बालग्राम भेजा गया था।
जिला बाल संरक्षण अधिकारी रितु गिल ने बताया कि किशोरी की पहचान सुनिश्चित करने के लिए अपराध शाखा (मानव तस्करी निरोधक इकाई) व बालग्राम, राई के सहयोग से आधार बनवाने के प्रयास किए गए लेकिन तकनीकी कारणों से आवेदन दो बार निरस्त हो गया।
तीसरे प्रयास में आधार प्रक्रिया के दौरान किशोरी का स्थायी पता सामने आया इससे उसकी पहचान हो सकी। उन्होंने बताया कि आधार कार्ड में दर्ज विवरण के अनुसार किशोरी का पता उत्तर प्रदेश के गांव शाहबाज नगर पाया गया।
पते की पुष्टि होते ही एएसआई अनिल व अपराध शाखा की टीम के सहयोग से त्वरित कार्रवाई की गई। परिजनों को बुलाकर बाल कल्याण समिति के समक्ष सभी औपचारिकताएं पूरी करते हुए किशोरी को उनके हवाले किया गया। आधार कार्ड के माध्यम से पहचान सुनिश्चित कर बाल कल्याण समिति ने किशोरी को सकुशल उसके परिजनों को सौंप दिया है। उपायुक्त सुशील सारवान ने इस मानवीय कार्य में सहयोग देने वाली सभी टीमों की सराहना की।